www.hamarivani.com

शनिवार, 14 सितंबर 2024

हिन्दी का स्वरूप !

                     

                                                  हिन्दी  का स्वरूप !  

 

              हिन्दी दिवस पर बहुत कुछ लिखा जा रहा है और शायद इसी विषय में हम भी लिखने जा रहे हैं। बात वही है कि हिंदी के अस्तित्व को किस तरह बचा सकते हैं। जो प्रयास सरकारी तौर पर किये जा सकते हैं वे तो फाइलों और दस्तावेजों की शोभा बढ़ा रहे हैं।  ऐसा नहीं है कि सब जगह मात्र फाइलों में ही दबे पड़े हों, फिर भी बहुत सारे क्षेत्रों में इसको प्राथमिकता दी जा रही है और प्रगति भी हो रही है, लेकिन इसके स्वरूप को भी हम ही संरक्षित कर सकते हैं। देवनागरी में  के हिन्दी अतिरिक्त और भी कई भाषाएँ और बोलियाँ  भी हैं, जिनके अस्तित्व के लिए भी संघर्ष अभी जारी है और शायद जारी रहेगा भी। 

                         एक सबसे अलग मुहिम जो हमें जारी रखनी है, वह है हिंदी भाषा के स्वरूप के लिए लड़ाई। ये मेरा अपना व्यक्तिगत विचार भी हो सकता है लेकिन ये स्वरूप हम से ही रचा जाता है, भले ही इसका उद्गम संस्कृत से हुआ हो लेकिन संस्कृत से ही इसकी व्याकरण भी ली गयी है और उसके स्वरूप को निश्चित किया गया है। जब हम कागज़ और कलम से लिखते थे तब भी यही भाषा थी और आज भी वही भाषा है।  अगर बदला है तो सिर्फ इतना कि हमने कागज़ कलम की जगह पर कम्प्यूटर को अपने लेखन का साधन बना लिया है। इसके लिए कंप्यूटर को भी बहुत कुछ सिखाया गया है , भले ही सिखाने वाले हम ही हैं। हमने रोमन से देवनागरी को लिखने का एक सशक्त तरीका चुन लिया है। अपनी सुविधाओं के अनुसार हम इसके स्वरूप को बदलने लगे और फिर कहने लगे कि यही हमें कंप्यूटर से मिलता है। 

                      आज जो चलन है वह सदियों पहले नहीं था। साहित्य अकादमी पुरस्कार आरम्भ हुए १९५५ से और आज तक मिल रहे हैं। वे श्रेष्ठ सृजन के लिए ही दिए गए हैं, लेकिन धीरे धीरे साहित्य में हम भाषा के मानकों को पूर्ण करते आ रहे हैं ऐसा कह नहीं सकते हैं, हाँ इतना जरूर है कि जितना हम हिंदी में व्याकरण के साथ शिथिलता बरतने लगे हैं क्योंकि अब हमें सुविधा अधिक दिखलायी देती है और उसी के अनुरूप हम उसको स्वीकार करने लगे हैं।  रही सही कसर तो मोबाइल ने पूरी कर दी है क्योंकि उसके की पैड के अनुसार ही हमें शब्दों का सृजन उचित लगने लगा है। 

                    एक बार नहीं बल्कि हर बार देखती हूँ कि पत्रिका के विषय में हर बार लिखा जाता है कि वर्तनी सम्बन्धी त्रुटियों का विशेष ध्यान रखें। फिर भी हर जगह ये त्रुटियांँ नजर आ ही जाती हैं। हम लिखने वाले तो ये कर भी सकते हैं लेकिन क्या संपादक मंडल या विभाग इस बात को जरा सा भी तवज्जो नहीं देता है कि पत्रिका या पुरस्कृत पुस्तक में क्या जा रहा है? हम भी बढ़ चढ़ कर उसको सोशल मीडिया के जरिये स्व-प्रशस्ति में शामिल करके लोगों को अवगत कराते ही रहते हैं। अगर कभी प्रश्न उठता है तो इन त्रुटियों के पैरोकार कहने लगते हैं कि हमें शुद्ध हिंदी नहीं चाहिए कि 'रेल' को 'लौहपथगामिनी' लिखें। इसमें कोई शक नहीं है कि सर्वप्रचलित शब्द चाहे किसी भी भाषा के हों हम समय समय पर अपनाते रहते हैं , हम ही क्यों ? कैंब्रिज और ऑक्सफ़ोर्ड डिक्शनरी भी अन्य भाषाओं के वैकल्पिक शब्द न मिलने पर जस का तस अपना कर अपने शब्दों में शामिल कर लेते हैं। ये उचित भी है क्योंकि भाषा समृद्ध भी तभी होती हैं। हिंदी में हम कितने उर्दू, फारसी अंग्रेजी और अन्य देशी विदेशी भाषाओं के शब्द शामिल करते रहते हैं और आम आदमी उसको ही समझता है। भाषा की क्लिष्टता उसके विस्तार को अवरुद्ध कर सकती है इसीलिए इसमें औदार्य की आवश्यकता भी है। 

                      अगर सबसे अधिक त्रुटि हम पाते हैं तो वे हैं  - विरामादि चिन्हों को लेकर। लेखक की अपनी एक शैली होती हैं जैसा कि मैंने सुना है कि हम वाक्य का अंत किसी भी तरह से करें , हमारी मर्जी है। अवश्य है लेकिन हम जो लिखते हैं वह सिर्फ अपनी सुविधा और पढ़ने के  लिए नहीं लिखते है बल्कि उसके पाठक दूसरे ही होते हैं। किसी को वो गलत चिह्न खलते हो या नहीं मुझे बहुत खलते हैं और वही अगर पत्र -पत्रिकाओं द्वारा स्वीकृत कर लिए जाते हैं तो भाषा के साथ मजाक है। 

                          सम्पूर्ण कोई भी नहीं होता है और अक्सर हम अपनी त्रुटियों को खुद नहीं सँभाल या पकड़ पाते हैं, अगर पकड़ पाएं तो खुद ही ठीक कर लें लेकिन इसके लिए हम दूसरों से अपेक्षा करते हैं और विद्वजन हैं  ही इसलिए कि अपने साथियों या नवोदित  कलमों को सही दिशा दे सकें। इसमें साहित्यिक संस्थाओं, साहित्यिक पत्र और पत्रिकाओं का दायित्व बनता है कि प्रकाशन से पूर्व स्वयं सम्पादित करवायें और इस विषय में लेखन को भी एक बार इंगित करें। 

                        ये बहुत बड़ा काम नहीं है लेकिन हिंदी के स्वरूप को देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी व्याकरणिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए जरूरी है। अगर हम कुछ कम जानते हैं और कोई हमें सही करता है तो इसमें अपनी साख पर दाग नहीं समझना चाहिए बल्कि उसके प्रति शुक्रगुजार होना चाहिए कि एक त्रुटि के विषय में बताया और फिर ये निश्चित है कि वह त्रुटि हम दुबारा नहीं करेंगे।  अगर इसको प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेंगे तो आने वाले समय में हिंदी भाषा का स्वरूप न हिंदी का रहेगा और न ही अंग्रेजी का बल्कि ये सोशल मीडिया की भाषा या फिर हमारे बोल कर लिखेी जा रही सामग्री में आने वाली सभी त्रुटियों को भाषा का ही एक अंग मान लिया जाएगा। सिर्फ आकर्षित करने के लिए लिखी जा रही संक्षिप्त सामग्री ही आने वाली पीढ़ी की भाषा बन कर रह जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ये मेरा सरोकार है, इस समाज , देश और विश्व के साथ . जो मन में होता है आपसे उजागर कर देते हैं. आपकी राय , आलोचना और समालोचना मेरा मार्गदर्शन और त्रुटियों को सुधारने का सबसे बड़ा रास्ताहै.