www.hamarivani.com

शुक्रवार, 31 अगस्त 2012

सम्मान किसे और क्यों?

                                 कुछ लिखने का मन हुआ और फिर आज कल 27 अगस्त को हुए परिकल्पना द्वारा संचालित ब्लोगर मीट  के विषय में चर्चा गर्म है . हम तो उसमें गए नहीं या नहीं जा पाए लेकिन कुछ ऐसा महसूस किया कि  जो अपनी कलम से ऊँचाइयों को छू चुके हैं अगर उन्हें बार बार सम्मानित किया भी जाए तो वे उस स्थिति तक पहुँच चुके हैं कि  किसी परिचय या सम्मान के मुंहताज नहीं है। अपने हाथ से अपने ही मस्तक पर तिलक लगाने से जो सम्मान होता है वह आत्ममुग्ध होने के लिए तो ठीक है लेकिन कहीं न कहीं आलोचना का विषय बन जाता है। इससे बेहतर तो होता कि  नवोदित लोगों को पुरस्कृत किया जाए तो विचारों की नयी और ऊँची उड़ान और ऊँची जायेगी . वरिष्ठों  को ख़ुशी होती है . 
                            वैसे घटना को इससे सम्बंधित ही लिखने जा रही हूँ। कैसे अपने सम्मान को बनाये रखते हुए लोग अपने बच्चों को लाभान्वित करते रहते हैं वैसे ये गलत है लेकिन अपनी अपनी सोच है।  आज वे नहीं है जिनके विषय में मैं लिख रही हूँ। मैंने जब 1986 में आई आई टी ज्वाइन किया था तो उनके साथ ही काम शुरू किया था . वे समाजशास्त्र विषय के वरिष्ठ प्रोफ़ेसर थे। उनकी टीम में 3 महिलायें थी। सिर्फ तीन ही थे हम। जिनमें एक उनकी विवाहिता पुत्री थी, जो दो बच्चों की माँ  थी और एक गृहिणी मात्र थी। । दो हम और थे। पुत्री उनकी कभी ससुराल और कभी यहाँ बस उनकी नौकरी इसलिए चल रही थी क्योंकि उनकी बेटी ही थी। हम लोग तो नियमित काम करने वाले थे। काम करने के दौरान ही एक काम और सामने आने लगा कुछ अन्य विषय की प्रश्नावली भी हम लोगों को भरने के लिए दी जाने लगी और फिर उनका मूल्याङ्कन। जिस विषय पर आई आई टी का प्रोजेक्ट था वह अलग ही था।
                             उनमें मैं ही एक मात्र थी जिसने रिसर्च में विशेष अध्ययन किया हुआ था . आखिर एक दिन उन्होंने ने मुझे अपने कमरे में बुलाया और बोले - 'देखिये मैं आपको बता दूं, ये दूसरी प्रश्नावली नीलम की
 पी एच डी के लिए भरवा रहा हूँ। मैं सोचता हूँ कि मुझे तो जो बनना था मैं बन चुका  अब मैं चार छः पेपर और  पब्लिश  करवा ही लूँगा तो मुझे कौन सा नया इन्क्रीमेंट मिलने वाला है। मैं अपनी सेलरी की हाईट तक पहुँच गया तो फिर क्यों न अपना समय और मेहनत  को अपने बच्चों के लिए प्रयोग करूं  तो उनका भी भविष्य बन जाएगा .  उन्होंने अपने दोनों बेटियों की थीसिस खुद लिखी और लिखी क्या अपनी एक किताब से विषय लेकर उसको कानपूर विश्वविद्यालय में रजिस्टर करवा कर डिग्री अवार्ड करवा ली और फिर दोनों बेटियां डॉ बन गयी। दूसरी तो इसके लिए डिजर्व  करती थी और आज वह एक डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर है। लेकिन बड़ी बेटी तो एकदम से घरेलु थी और उसका डॉ होना उचित भी नहीं लगा। हो सकता है की वह भी कहीं डिग्री कॉलेज की शोभा बढ़ा  रही हों। । ये काम तो गलत था लेकिन इसमें सन्देश था कि  ऊँचाइयों के छू  लेने के बाद अगर उसे सम्मान मिलता भी रहे तो उसके लिए उसकी कोई कीमत नहीं होती लेकिन अगर ये नए लोगों को मिले तो उनमें नयी उर्जा और उत्साह  भरेगा .

बुधवार, 22 अगस्त 2012

कोटे की राजनीति !

                   हमारे देश में कोटे (आरक्षण ) की राजनीति संविधान में जिस आधार पर शुरू की गयी थी,  उस समय देश के हालत ऐसे थे कि उनको उस दलदल से निकालना  था इसमें वे सदियों से धंसे हुए थे। लेकिन उसको भुनाने में सिर्फ कुछ लोग ही सफल हो पाए और जो नहीं हो पाए वे आज भी उन्हीं हालातों में जी  रहे हैं . 
                       ये कोटा एक हथियार बना कर थमा दिया गया है और जिनके हाथ में ये है वे उसका नाजायज फायदा उठा रहे हैं क्योंकि सरकार ने उनके लिए स्थान सुरक्षित रखे हैं लेकिन उसमें योग्यता की कोई सीमा निर्धारित नहीं की है . उन्हें कोटे में पास भी किया जा  रहा है . उनमें कितनी योग्यता है इस बात की हमें न शिक्षा में आरक्षण देते समय देखा और न नौकरी के समय। वहां भी उन्हें छूट है। 
                    शिक्षा और ज्ञान अर्जित किये जाते हैं और इनमें समझौता उनको ही कमजोर ही नहीं बना रहा है बल्कि अपने देश के ज्ञान और उपलब्धियों को दांव पर लगा दिया गया है। सरकार उन्हें सुविधाएँ दे और उनके लिए आरक्षण भी दे , लेकिन उस समय ज्ञान या योग्यता के लिए कोटा न निर्धारित करे। पद पर आरक्षण हो सकता है लेकिन उन पदों के लिए जो अहर्ता निर्धारित की गयी हैं वो सभी में समान रूप से होनी चाहिए. सरकारी नीतियां उन लोगों को अकर्मण्य और बिना परिश्रम के अर्जन के लिए आदी बना रहा है। उनके अन्दर ये भाव भर चुका  है कि उन्हें किसी भी परीक्षा में सफलता ज्ञान के आधार पर नहीं बल्कि आरक्षण के आधार पर मिल ही जाएगी 
                   एक ताजातरीन उदाहारण देखने को मिला -- सरकार द्वारा प्रस्तावित निःशुल्क  'ओ' लेवल के कंप्यूटर कोर्स के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। वे सभी कम से कम इंटर पास और स्नातक से परास्नातक तक के बच्चे थे। उसमें कोई और जा नहीं सकता इसी विश्वास के साथ सभी आये थे।  लेकिन उनका साक्षात्कार के समय जो ज्ञान देखा गया तो लगा कि हम उन्हें उपहार में नौकरी और शिक्षा देकर अकर्मण्य  बना रहे हैं। सब ऐसे हों ऐसा नहीं है लेकिन जो इसका सिर्फ लाभ उठाना चाहते हैं और प्रयास नहीं करना चाहते हैं ये बात उन पर ही लागू होती है। 
कुछ सवालों और उनके उत्तरों की बानगी देखिये --
  1. ब्रह्मपुत्र नदी उत्तर प्रदेश में बहती है।
  2. सानिया मिर्जा टेबल टेनिस की खिलाडी हैं और पी टी उषा कुश्ती की। 
  3. उत्तर प्रदेश की प्रथम महिला  मुख्यमंत्री मायावती थी।
                          इस तरह के काफी प्रश्न थे, जिनके उत्तर उन लोगों ने गलत दिए। हम क्या सोच सकते हैं ? ऐसे लोगों को क्या सिर्फ इस लिए प्रवेश या ये मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए जिन्हें कि सामान्य ज्ञान के नाम पर वर्तमान के विषय में भी जानकारी न हो। जिनका सामान्य ज्ञान शुन्य के लगभग हो। यही आज नहीं तो कल आगे बढ़ेंगे और फिर कोटे के आधार पर प्रोन्नति पाकर उच्च पदस्थ अधिकारी भी बनेगे . ये सीनियर डॉक्टर बनेंगे और इंजीनियर बनेगे और देश की उन्नति में अपना सहयोग भी करेंगे . अगर उनके समक्ष एक मेधावी इस कोटे का न हुआ तो वह तो जूनियर ही रहेगा और फिर उसके कामों को कोई कैसे आंक सकेगा?  उच्च पदों पर काम करने के लिए ज्ञान और मेधा की जरूरत होती है और इसमें कोई भी आरक्षण उस पद की गरिमा और उसकी जिम्मेदारियों को उठाने में सक्षम व्यक्ति को नहीं खोज सकता है।  उस पद के लिए सिर्फ और सिर्फ योग्य व्यक्ति की जरूरत होती है। आश्चर्य तो इस बात का होता है कि राजनीति  में सभी प्रबुद्ध और अनुभवी लोग हैं और फिर भी राजनीति के स्वार्थ के तहत ऐसे प्रस्ताव संसद में लेकर आते हैं और कोई एक दल नहीं बल्कि सभी इस तुरुप के पत्ते को भुनाने में लगे रहते हैं। कभी दलित और कभी अल्पसंख्यक  और कभी पिछड़े के नाम पर राजनीति की  है। जब की हर इंसान इस बात को अच्छी तरह से समझता है कि जिन्हें वाकई इसकी जरूरत है वे कभी इसका लाभ नहीं ले पाए हैं और न ले पायेंगे . मेरे ख्याल से तो तकनीकी शिक्षा , चिकित्सा आदि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कोटे से नहीं बल्कि योग्य को मापदंड बनाया  जाना चाहिए। उनके स्थान तो आरक्षित  हों लेकिन उसकी अहर्ताओं में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया आना चाहिए। चयन में भी यही होना चाहिए। अयोग्य व्यक्ति को यह लाभी देकर हम अपने आप को ही कमजोर  कर रहे हैं।

बुधवार, 15 अगस्त 2012

ध्वजारोहण !

                             

 


                  राष्ट् ध्वजारोहण अपने आप में एक सम्मान है और आज इसा सम्मान को पाने की घटना को सबसे बांटने का मन किया तो लिखना प्रासंगिक लगा . वैसे ये अधिकार सिर्फ प्रमुखों को ही प्राप्त होता है . चाहे बड़े संस्थान हो,  राष्ट्र या प्रदेश के प्रमुख हों, या किसी बड़े कालेज या स्कूल की प्रमुख। 
                                 आज बताने का मन हुआ कि इस सौभाग्य को मैंने भी प्राप्त किया है। उस समय मैं अपना एम एड  पूरा करके तैयार हुई थी कि मेरे पति के एक मित्र ने पब्लिक स्कूल खोल रखा था और उसकी प्रिंसिपल बहुत ही विद्वान् थी। लेकिन किसी कारणवश उन्होंने पद छोड़ा और कहा कि  मैं उस पद के लिए उपयुक्त हूँ  और वह पद मैंने संभाल लिया। वैसे भी राष्ट्रीय पर्व पर स्कूल के प्रबंधक या उनकी पत्नी ध्वजारोहण के लिए आते थे और वही ये काम करते थे। लेकिन उस 26 जनवरी को शायद वो अपने स्कूल (जहाँ वे नौकरी करते थे ) में फँस गए और उन्होंने कहा कि इस बार ध्वजारोहण मैं ही करूं . वह 26 जनवरी 1985 थी जब कि  मैंने ध्वजारोहण किया था। इस बात का मुझे गर्व भी है कि  देश के ध्वज को फहराने और सलामी देने का अवसर मुझे मिला 
 

मंगलवार, 14 अगस्त 2012

स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं !




                                       अपनी स्वतन्त्रता  के लिए हम तन मन और धन से कटिबद्ध है की इसको लाने के लिए जिन लोगों में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था उसकी याद को और उनके बलिदान को हमेशा नमन करते रहेंगे . 
                                     उसके बाद शत शत  नमन उन वीरों के लिए 1962, 65, और  कारगिल जैसे बड़े युद्धों में अपनी जान देकर या फिर अपने शरीर को अपाहिज बनाकर अपने देश के प्रति अपने फर्ज को निभाया है।उनके उस अप्रतिम बलिदान के समक्ष हमारा नमन  छोटा है , फिर भी ये हमारा दायित्व है। 

                                     अब देश की आज़ादी इसमें निहित है कि इसमें पालने वाले दूषित वातावरण और राजनीति  को स्वच्छ करने के लिए अपने सबसे अच्छे और सक्रिय प्रयासों से जुट जाएँ  हर नागरिक का ये दायित्व है . ये बुद्ध और महावीर की भूमि है और शांति और अहिंसा उनका दिया मूल मंत्र है। लेकिन अन्याय के खिलाफ चुप होकर बैठना कायरता है इसलिए   प्रतिकार भी  मानव धर्म का हिस्सा है। 

      आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की  हार्दिक शुभकामनाएं !