www.hamarivani.com

गुरुवार, 4 अगस्त 2022

पागलपन !

 पागलपन !

              मनुष्य की एक दिमागी हालत जिसके लिए वह खुद जिम्मेदार नहीं होता है।  फिर जिम्मेदार कौन है ? उसकी मस्तिष्क संरचना. हालात या फिर उसका परिवेश (जिसमें परिवार भी शामिल है) मंदबुध्दि को लोग पागल करार दे देते हैं, बगैर जाने कि कारण क्या हो सकता है ? ऑटिज्म वाले लोगों को भी बगैर उसके मर्ज से वाकिफ हुए उसको आधा पागल बोलते रहते हैं और सीज़ोफ्रेनिया के मरीजों को तो पूरा पागल या भूत प्रेत का साया वाला कह कर उपेक्षा करते हैं, उससे दूर भागते हैं बजाय इसके। कि  उनकी समस्या के लिए मनोचिकित्सक से सलाह लें। कई लोग तो अवसाद या तनाव की स्थिति में अंतर्मुखी लोगों को अगर मनोचिकित्सक के पास ले जाने पर उसको पागल समझने लगते हैं।  यहाँ तक कि वह व्यक्ति भी उस स्थिति में कहने लगता है कि मैं कोई पागल हूँ, जो मनोचिकित्सक के पास जाऊँ ? आम लोगों की दृष्टि में मनोचिकित्सक पागलों का डॉक्टर होता है।  

               समस्या यहीं तक नहीं है बल्कि समाज की एक विकृत मानसिकता का शिकार होने वाली महिलायें, लड़कियाँ और बच्चे भी होते है। वे जिन्हें पागल समझकर घर से निकाल दिया जाता है और सड़कों पर घूमने के लिए छोड़ दिया जाता है , वे हवस का शिकार होती हैं, गर्भवती होती हैं और सड़क पर घूमती रहती हैं. बच्चों और बड़ों के पत्थरों का शिकार होती हैं।  उन्हें तो घर वाले ही पागलखाने में भर्ती कराने की जहमत तक नहीं उठाते हैं बल्कि उसकी पहचान तक अपने से नहीं जोड़ना चाहते हैं और न ही सामाजिक संस्थाएँ  क्योंकि हमारे संविधान के अनुसार पागल और दिवालिया कुछ अधिकारों से वंचित होते हैं।  उनका कोई आधार कार्ड, पेन कार्ड या फिर वोटर कार्ड नहीं होता है तो उनकी कोई पहचान नहीं होती हैं। वे किसी भी अस्पताल में भर्ती होने के अधिकारी नहीं होते हैं तभी तो सड़कों पर घूमा करते हैं। 

             वह परिवार वाले जिनमें ऐसे बच्चे जन्म लेते हैं या फिर बाद में मानसिक बीमारी का शिकार हो जाते हैं, उनके पास प्रमाण होते हैं उनके नागरिक होने के, माता-पिता के और स्थान के।  जन्म प्रमाणपत्र तो हैं ही न। अगर नहीं पालना है तो उसको पागलखाने में भर्ती कर दीजिये।  बहुत हैं तो सड़क पर मारी मारी घूमते फिरने से अच्छा है कि उन्हें आप ख़त्म कर दीजिये ? इस बात पर आपत्ति की जाएगी क्यों? दहेज़ के नाम पर मार देते हैं, भ्रूण हत्या कर दी जाती है , दुष्कर्म करके मार दी जाती है, ऑनर किलिंग के नाम पर भी मारी जाती है - वह तो पढ़ी-लिखी स्वस्थ कमाऊ भी होती है न।  तब कोई आपत्ति क्यों नहीं है?  वो कुछ दिनों का विरोध या प्रदर्शन किसी हत्या के प्रति न्याय नहीं है।   समाज से निकली हुई, परिवार से छोड़ी हुई महिलाओं या पुरुषों का बाहर सड़क पर नग्न या अर्धनग्नावस्था में घूमते हुए देख कर हमको शर्म नहीं आती क्योंकि हमारी शर्म के मायने बदल गए हैं।  जब होश वाले लोग, स्वस्थ लोग अर्ध्यनग्न या पूर्ण नग्नावस्था में अपने फोटोशूट करवाकर सार्वजनिक कर सकते हैं और पत्रिकाएं उनको प्रायोजित करके प्रकाशित कर सकती हैं तो उनका घूमना तो सिरफिरों या हवस के मारों के लिए एक सुनहरा अवसर बन जाता है।  कभी कभी तो परिवार वाले उनसे छुटकारा पाना ही चाहते हैं और अगर किसी संस्था द्वारा या पुलिस द्वारा उन्हें परिवार तक पहुँचा ही दिया गया तो वे अपनाने से साफ इंकार कर देते हैं।  

              सवाल इस बात का है कि पागलखाने में कौन रहता है ? वे कौन से पागल है, जिन्हें अस्पताल की सुविधाएँ प्राप्त होती हैं , जिन्हें घर वाले स्वयं छोड़ आते हैं या फिर छुटकारा पाना चाहते हैं, जिनके ठीक होने संभावना होती है तो फिर उनके ठीक होने की संभावनाओं पर बगैर परीक्षण के प्रश्नचिह्न क्यों लग जाता है? 

            यह मानवीय संवेदनाओं पर उभरता हुआ सवाल है और इसको मानवाधिकार के क्षेत्र में लाना चाहिए और इस पर भी उसी तरह से विचार करना चाहिए जैसे कि अन्य समस्याओं पर किया जाता है। इसका निदान कौन खोज सकता है ? सामूहिक प्रयासों से ही खोजा जा सकता है।  अगर इसका उत्तर हाँ में है तो फिर मिलकर खोजें न - व्यक्तिगत प्रयासों से तो ये संभव नहीं है, कोई एक धनाढ्य मिल सकता है कि सबको प्रायोजित करके संस्था आरम्भ करे लेकिन समग्र के लिए होना संभव नहीं है क्योंकि एक व्यक्ति की अपनी सीमाएँ होती हैं।  सरकारी प्रयासों की जरूरत है क्योंकि ढेरों योजनाओं की तरह से इनके लिए भी आवास, भोजन और देखरेख के लिए लोगों की भी जरूरत होगी। 

        जैसे आवारा जानवरों के लिए आश्रय स्थल बनाये गए हैं , गायों  गौशाला खोले गए हैं तो इन बेचारे को भी इस समाज में एक सुरक्षित शरण स्थल की दरकार है , भले जन्मदाता उन्हें छोड़ दें लेकिन मानवता के नाते इस मुद्दे पर भी विचार जरूरी है।  एक मुहिम ऐसी भी शुरू की जाय।

मंगलवार, 28 जून 2022

शाश्वत धर्म!

 शाश्वत_धर्म !


                                   हम धर्म की परिभाषा पंथ में खोजने में लगे हैं और पंथ अपने अपने धार्मिक ग्रंथों की दिशा में जा रहे हैं। वे शाश्वत तभी है , जबकि वे हर तरह से निष्पक्ष विद्वजनों द्वारा स्वीकार किये जा रहे हों। धर्म को तो सनातन धर्म में अलग -अलग पृष्ठभूमि में व्याख्यायित किया गया है।  हिन्दू, इस्लाम , ईसाई , सिख, जैन , बौद्ध और पारसी धर्म नहीं हैं बल्कि ये तो पंथ हैं और सारे पंथों का एक ही धर्म होता है वह है सनातन धर्म। जिसकी परिभाषा  अवसरानुकूल नहीं बदलती है और हर पंथ के द्वारा स्वीकार की जाती है। 

मानव_धर्म :- 

                        यह सभी को स्वीकार है कि अगर हम पंथ कट्टरता से मुक्त है तो इसको कोई भी अस्वीकार नहीं कर सकता है। ये सम्पूर्ण मानव जाति के द्वारा सम्पूर्ण प्राणि जगत के प्रति निभाए जाने वाला धर्म है। जो धर्म राष्ट्र के प्रति , समाज के प्रति जो निष्काम भाव से निर्वाह किया जाता है, वही मानव धर्म है और ये तन, मन और धन तीनों ही तरीकों से निभाया जाता है। इस बात को हर पंथ स्वीकार करता है और यही सर्वोच्च धर्म है।


                       इस मानव धर्म के अंतर्गत ही आता है जीवन दर्शन के कुछ और धर्म , जिनसे किसी भी पंथ के द्वारा इंकार नहीं किया जा सकता है। 

                    मातृ_धर्म :-  माँ इस सृष्टि में सबसे महत्वपूर्ण  होती है और उसके बिना ये सृष्टि संभव ही नहीं है। गर्भाधान से लेकर प्रसव तक की क्रिया स्वाभाविक होती है और इसी कारण माँ का स्थान सर्वोच्च है। चाहे वह एकल हो , निर्धन हो , धनी हो लेकिन अपने बच्चों के पेट भरने लिए वह काम करती है , मजदूरी करती है या फिर घर घर जाकर काम करे या फिर अपने घर में रहकर काम करे। उसकी इस महानता के लिए उसके प्रति अपने धर्म को निभाना संतान का मातृ धर्म है और इसको सभी पंथ स्वीकार करते हैं। 

                   पितृ_धर्म :-  सृष्टि के निर्माण में मातृ और पितृ दोनों की भूमिका समान होती है , एक के बिना ये संभव ही नहीं है।  वह माँ की तरह ही घर से बाहर रहकर उसके जीवन को सुचारु रूप से चलाने के लिए , उसके भविष्य को बनाने के लिए दिन रात परिश्रम करता है।  समाज के लिए एक अच्छा नागरिक बनाने के लिए सुसंस्कृत  सुसंस्कारित बनाने के लिए भी सम्पूर्ण प्रयास करता है।  एक सुरक्षित भविष्य देने के लिए अपने वर्तमान को गिरवी रख  देता है। इस धर्म को कोई भी पंथ नकार नहीं सकता।

                    संतति_धर्म :-  सारे धर्म में संतति धर्म भी उतना ही महत्वपूर्ण है।  खासतौर पर पुत्र धर्म लेकिन पुत्री भी इससे अछूती नहीं है।  अगर पुत्र  नहीं है तो पुत्री वह सारे कार्य पूर्ण करे जो पुत्र करेगा, अन्यथा जिस परिवार में वह अपने विवाह के बाद जायेगी, उसे परिवार में पुत्री या पुत्रवधू होने का धर्म पूर्ण करेगी

राष्ट_धर्म :-  

                      अगर माँ जन्मदात्री है तो मानव शरीर का निर्माण जिस  प्राकृतिक अंश से बना है , वह पृथ्वी है और इस पृथ्वी जिस पर रहते हैं वह किसी न किसी देश या राष्ट्र की होती है, अपने राष्ट्र के प्रति हर निवासी का एक धर्म होता है।  इसकी संपत्ति हमारी है , इसके जंगल , धरती , हवा और पानी सब से ही जीवन चलता है और इसकी रक्षा करना भी किसी भी पंथ का व्यक्ति हो, उसकी जिम्मेदारी है।  शाश्वत धर्म इसको आचरण में लाने के लिए बात करते हैं। 

     जीव_धर्मः-  

              सारे जीव जिनमें जीवन है जिनमें मानव सर्वश्रेष्ठ माना जाता है उसका धर्म है कि वह पशु, पक्षी, वृक्ष और जल के स्रोतों के प्रति मानवीय धर्म को पूरा करें। जिन्हें प्रकृति ने जीवन दिया है, वे आपका भी पोषण कर रहे हैं , उनहें उजाड़ो मत। उनका जीवन हरण मत करो अन्यथा हमारा जीवन दूभर हो जायेगा।

             ये सारे पंथ किसी भी रूप में उपरोक्त धर्मों से इंकार नहीं कर सकते हैं।  क्योंकि कोई भी पंथ मानव धर्म से परे नहीं है क्योंकि पंथ मानव के हित के लिए बने हैं उनके द्वारा किसी का अहित होता है तो वो पंथ अनुकरणीय नहीं है। खून खराबा, जीव, हत्या,अत्याचार , राष्ट्र की संपत्ति का विनाश किसी भी पथ में स्वीकार्य नहीं है।  

                    इन सबसे अलग एक शाश्वत धर्म ही हमको स्वीकार करना होगा , अन्यथा न कोई पंथ रहेगा और न धर्म।

बुधवार, 15 जून 2022

विश्व वयोवृद्ध दुर्व्यवहार निरोधक दिवस !

              हमारे देश  में तो संयुक्त  परिवार की अवधारणा  के कारण आज जो वृद्धावस्था में है अपने   परिवार में उन लोगों ने अपने बुजुर्गों  बहुत इज्जत दी होगी और उनके सामने तो घर की पूरी की पूरी  कमान बुजुर्गों के हाथ में ही रहती थी।  मैंने देखा है घर में दादी से पूछ कर सारे काम होते थे। खेती से मिली नकद राशि  उनके पास ही रहती थी।  लेकिन  उनके सम्मान से पैसे के होने न होने का  कोई सम्बन्ध नहीं था। 

  1 .   वृद्ध माँ  आँखों से भी कम दिखलाई  देता है , अपने पेट में एक बड़े फोड़े होने के कारण एक नीम हकीम डॉक्टर के पास जाकर उसको  ऑपरेट  करवाती है। उस समय  पास कोई अपना नहीं होता बल्कि पड़ोस में रहने वाली  होती है।  वह ही उसको अपने घर दो घंटे लिटा कर रखती है और फिर अपने बेटे के साथ हाथ  कर घर तक छोड़ देती है।

 
2 .   74 वर्षीय माँ घर में झाडू पौंछा करती है क्योंकि बहू के पैरों में दर्द रहता है तो वो नहीं कर सकती है।  उस घर में उनका बेटा , पोता  और पोती 3 सदस्य कमाने वाले हैं   किसी को भी उस महिला के काम करने पर कोई ऐतराज नहीं है।  एक मेट आराम से रखी जा सकती है लेकिन  ?????????? 
 
3.    बूढ़े माँ - बाप को एकलौता बेटा अकेला छोड़ कर दूसरी जगह मकान लेकर रहने लगा क्योंकि पत्नी को उसके माता - पिता पसंद नहीं थे और फिर जायदाद वह सिर पर रख कर तो नहीं ले जायेंगे . मरने पर मिलेगा तो हमीं को फिर क्यों जीते जी अपना जीवन नर्क बनायें। 
 
4 .  पिता अपने बनाये हुए  घर में अकेले रहते हैं क्योंकि माँ का निधन हो चुका है।  तीन बेटे उच्च पदाधिकारी , बेटी डॉक्टर।  एक बेटा उसी शहर में रहता है लेकिन अलग क्योंकि पत्नी को बाबूजी का तानाशाही स्वभाव पसंद नहीं है।  आखिर वह एक राजपत्रित अधिकारी की पत्नी है।

                            आज हम पश्चिमी संस्कृति के  जिस रूप के पीछे  भाग रहे हैं उसमें हम वह नहीं अपना रहे हैं जो हमें अपनाना चाहिए।  अपनी सुख और सुविधा के लिए अपने अनुरूप  बातों को अपना रहे हैं।  आज मैंने  में पढ़ा कि 24 शहरों  में वृद्ध दुर्व्यवहार के लिए मदुरै  सबसे ऊपर है और कानपुर दूसरे नंबर पर है।  कानपुर में हर दूसरा बुजुर्ग अपने ही घर में अत्याचार का  शिकार हैं।  एक गैर सरकारी संगठन  कराये गए सर्वे के अनुसार ये  परिणाम   हैं। 
 
                 हर घर में बुजुर्ग हैं और कुछ लोग तो समाज के डर  से उन्हें घर से बेघर नहीं कर  हैं, लेकिन कुछ  लोग ये भी  कर देते हैं। एक से अधिक संतान वाले बुजुर्गों के लिए अपना कोई घर नहीं होता है बल्कि कुछ दिन इधर  और कुछ दिन  उधर में जीवन गुजरता रहता है।  उस पर भी अगर उनके पास अपनी पेंशन या  संपत्ति है तो बच्चे ये आकलन  करते रहते हैं कि  कहीं दूसरे को तो  ज्यादा नहीं दिया है और अगर ऐसा है तो  उनका जीना दूभर कर देते हैं।  उनके प्रति अपशब्द , गालियाँ या कटाक्ष आम बात मानी जा सकती है। कहीं कहीं तो उनको मार पीट का शिकार भी होना पड़ता है। 
                      इसके कारणों को देखने की कोशिश की तो पाया कि  आर्थिक तौर पर बच्चों पर  निर्भर माता - पिता अधिक उत्पीड़ित होते हैं।  इसका सीधा सा कारण है कि उस समय के अनुसार आय बहुत अधिक नहीं होती थी और बच्चे 2 - 3 या फिर 3 से भी अधिक होते थे। अपनी  आय में अपने माता - पिता के साथ अपने बच्चों के भरण पोषण  में सब कुछ खर्च  देते थे।  खुद के लिए कुछ भी नहीं रखते थे।  घर में सुविधाओं की ओर भी ध्यान  देने का समय उनके पास नहीं होता था।  बच्चों की स्कूल यूनिफार्म के अतिरिक्त दो चार जोड़ कपडे ही हुआ करते थे।  किसी तरह से खर्च पूरा करते थे ,  पत्नी के लिए जेवर  और कपड़े बाद की बात होती थी।  घर में कोई नौकर या मेट नहीं हुआ करते थे, सारे  काम गृहिणी ही देखती थी। सरकारी नौकरी भी थी तो  बहुत कम पेंशन  मिल रही है और वह भी बच्चों को सौंपनी पड़ती है।  कुछ बुजुर्ग रिटायर्ड होने के बाद पैसे मकान  बनवाने में लगा देते हैं। बेटों में बराबर बराबर बाँट दिया।  फिर खुद एक एक पैसे के लिए मुहताज होते हैं और जरूरत पर माँगने पर बेइज्जत किये जाते हैं। 
                      आज जब कि  बच्चों की आय कई कई गुना बढ़ गयी है ( भले ही इस जगह तक पहुँचाने के लिए पिता ने अपना कुछ भी अर्पित  किया हो ) और ये उनकी पत्नी की मेहरबानी मानी जाती है।
-- आप के पास था क्या ? सब कुछ  हमने जुटाया है। 
-- अपने जिन्दगी भर सिर्फ  खाने और खिलाने में उडा  दिया।  
-- इतने बच्चे पैदा करने की जरूरत  क्या थी ? 
-- हम अपने बच्चों की जरूरतें पूरी  करें या फिर आपको देखें।
-- इनको तो सिर्फ दिन भर खाने को चाहिए , कहाँ से आएगा इतना ?
-- कुछ तो अपने बुढ़ापे के लिए सोचा होता , खाने , कपड़े से लेकर दवा दारू तक का खर्च हम कहाँ से पूरा करें ? 
-- बेटियां आ जायेंगी तो बीमार नहीं होती नहीं तो बीमार ही बनी रहती हैं।
-- पता नहीं कब तक हमारा खून पियेंगे  ये , शायद  हमें खा कर ही मरेंगे।  
                          
              अधिकतर घरों में अगर बेटियां हैं तो बहुओं को उनका आना जाना फूटी आँखों नहीं  सुहाता है। अपनी माँ - बाप  से मिलने आने के लिए भी उनको सोचना पड़ता है। 
                   बुजुर्गों का शिथिल  होता हुआ शरीर भी उनके लिए एक समस्या बन जाता है।  अगर वे उनके चार काम करने में सहायक हों तो बहुत  अच्छा,  नहीं तो पड़े रोटियां  तोड़ना उनके लिए राम नाम की तरह होता है।  जिसे बहू और बेटा  दुहराते रहते हैं।  अब जीवन स्तर बढ़ने के साथ साथ जरूरतें इतनी बढ़ चुकी हैं कि उनके बेटे पूरा नहीं कर पा  रहे हैं।  घर से बाहर  की सारी  खीज घर में अगर पत्नी पर तो उतर नहीं सकती है तो माँ -बाप मिलते हैं तो किसी न किसी  रूप में वह कुंठा उन पर ही उतर जाती है। 
 
                     वे फिर भी चुपचाप सब कुछ सहते रहते हैं , अपने ऊपर हो रहे दुर्व्यवहार की बात किसी से कम ही  उजागर करते हैं क्योंकि कहते हैं - "चाहे जो पैर उघाड़ो इज्जत तो अपनी ही जायेगी न।" फिर कहने से क्या  फायदा ? बल्कि कहने से अगर ये बात उनके पास तक पहुँच गयी तो स्थिति और बदतर हो जायेगी . हम चुपचाप सब सह लेते हैं कि घर में शांति बनी रहे।  ज्यादातर घरों में बहुओं की कहर अधिक होता है और फिर शाम को बेटे के घर आने पर कान भरने की दिनचर्या से माँ बाप के लिए और भी जीना दूभर कर देता है।  पता  नहीं क्यों बेटों की अपने दिमाग का इस्तेमाल करने की आदत क्यों ख़त्म हो चुकी है ? 
 
                       माता-पिता को बीमार होने  पर दिखाने  के लिए उनके पास छुट्टी नहीं होती है और वहीं पत्नी के लिए छुट्टी भी ली जाती है और फिर खाना भी बाहर से ही खा कर  आते हैं।  अगर घर में  रहने वाले को बनाना आता है तो बना कर खा ले नहीं तो भूखा पड़ा रहे  वह तो बीमार होती है।
 
                     हमारी संवेदनाएं कहाँ  गयीं हैं या फिर बिलकुल मर चुकी हैं।  कह नहीं सकती हूँ , लेकिन इतना तो है कि हमारी संस्कृति पूरी तरह से पश्चिमी संस्कृति हॉवी हो चुकी है। रिश्ते ढोए जा रहे हैं।  वे भी रहना नहीं चाहते हैं लेकिन उनकी मजबूरी है कि  उनके लिए कोई ठिकाना नहीं है। 
 
                    आज वृद्धाश्रम इसका विकल्प बनते जा रहे हैं लेकिन क्या हर वृद्ध वहाँ  इसलिए है क्योंकि वे अपने बच्चों के बोझ बन चुके हैं। हमें उनके ह्रदय में अपने बड़ों के लिए संवेदनशीलता रखें और अब तो बुज़ुर्गों के प्रति दुर्व्यवहार करने वालों के लिए दण्ड का प्राविधान हो चूका है लेकिन वयोवृद्ध बहुत मजबूर होकर ही क़ानून की शरण लेते हैं।                     
 
                      * सारे  मामले मेरे अपने देखे हुए हैं।

 

 

सोमवार, 14 फ़रवरी 2022

पुरुष विमर्श - 3

 पुरुष विमर्श - 3 


निम्न मानसिकता 


              आज की कहानी का एक छोटा सा हिस्सा मेरे गिर्द भी घट रहा था और मैं निर्विकार उसको समझ रही थी । तब तो इसे लिखने के बारे में नहीं सोचा था।

                रमित चार भाई बहनोंं मेंं दूसरे स्थान पर था। अच्छी कम्पनी में मैनेजर था । सभी एक अच्छी लड़की की खोज में थे और एक रिश्तेदार ने उन्हें ये रिश्ता बताया ।

                इसमें कोई दो राय नहीं थी कि लड़की खूबसूरत थी और डॉक्टर भी थी। लड़के के परिवार में बड़ी बहन को छोड़ कर सभी इंजीनियर थे और वे सभी खूबसरत थे।  बड़े उत्साह से शादी की गई । करीब एक महीने दीपिका ने छुट्टी ली और ठीक से रही लेकिन आधा समय तो घूमने में गुजर गया और आधा इधर उधर जाने आने में ।

                  अब शुरू हुई उसकी सोच का दाँव पेंच में उतारना क्योंकि वह माँ बनने की स्थिति में आ चुकी थी और फिर बिस्तर से उठना गवारा नहीं था । सास ससुर, ननद और देवर को भी घर में आने वाले नन्हें मुन्ने के आने का उत्साह आ गया था । बहू और भाभी हाथों हाथ ली जा रही थी । वह तो सोच रही थी कि इसी समय कुछ लड़ने झगड़ने का मौका मिलेगा और वह यहाँ से भाग लेगी । उसकी नौकरी भी पति के नौकरी स्थल से कुछ घण्टे की दूरी पर थी ।

                  इस बीच उसने कई मौके खोजे , अपनी चीजों की चोरी का आरोप घर वालों पर लगाया लेकिन चीज बरामद होने पर गलत साबित हुई तो खिसियानी बिल्ली बन कर वह मायके चली गई । फिर वहीं पर बेटा हुआ और उसने घर आने से इंकार कर दिया तो सारे घर वाले मनाने पहुँच गये कि घर की पूजा वगैरह तो वहीं होंगी तो उसकी माँ ने भेजने से मना कर दिया ।

                  सब वापस लौट आये । रमित कुछ दिन वहीं रहा और घर वाले बच्चे के मोह में आते जाते रहे । एक दिन जब ये लोग पहुँचे तो घर में ताला बंद था और फोन भी बंद था। पता नहीं लग पाया । रमित ने पता किया तो उसने अपनी नौकरी ज्वाइन कर ली थी और बच्चे के लिए माँ को ले गई थी।

                  शनिवार और रविवार रमित वहाँ जाता रहता था कि कभी तो सही होगी, अब तो बच्चा भी हो गया है। वह छुट्टी में वहाँ जाने लगी । पाँच दिन अपनी नौकरी पर रहती । अपने घर का सपना पूरा करना चाह रही थी । ससुर पर दबाव डालने लगी कि मकान बेचकर आधा पैसा दो मैं अपना मकान लूँगी। ससुर ने मना कर दिया कि अभी मुझे अपनी बेटी और एक बेटे की शादी करनी है।

                 उसने पति को घर जाने से रोक दिया और जब भी गया उसने तमाशा खड़ा कर दिया। मैं और उसकी बहन एक साथ काम करते थे।  दिल्ली में हम लोग कांफ्रेंस के लिए गए , हम लोग एक ही रूम को शेयर कर रहे थे।  मैं सारी चीजों से वाकिफ थी।  वह मुझसे बोली कि मैं भैया से मिलने जा रही हूँ और लौट कर आयी तो वह मेरे गले लग कर फूट फूट कर रोयी। मैंने उसे चुप कराया और पूछा बात क्या हुई ? 

                  तब उसने बताया कि भैया मुझे घर नहीं ले गए बल्कि उन्होंने बताया कि जब मैं पिछली बार उनके घर गयी थी तो लौट कर उसने बहुत कहर बरपाया कि "तुम्हारी बहन मेरे घर में क्यों आयी थी ? इसी बैड पर बैठी होगी , उसने मेरे बेड को कैसे प्रयोग किया ? मेरी अनुपस्थिति में आने की जरूरत क्या थी ? आइंदा मेरे घर में आने की कोई जरूरत नहीं है।" 

                       मैंने उसे बहुत समझाया और उसकी काउंसलिंग करके ठीक किया।  भाभी उसकी शादी भी जहाँ बात चलती, गलत बातें फैला कर होने न देती बल्कि उसने चुनौती दे रखी थी कि बाकियों की मैं शादी न होने दूँगी। 

                     उसके रोज रोज के बढ़ते अत्याचारों से एक दिन पति ने आत्महत्या की कोशिश की , लेकिन डोज़ कुछ कम थी और वह तीन दिन बेहोश रहकर ठीक हो गया।  लेकिन अवसाद में इतना डूब चुका था कि उसने बगैर बताये होटल में कमरा लेकर रहने लगा।  उसके जीवन से ऑफिस वाले भी अवगत थे क्योंकि वह बहुत ही सुलझा हुआ इंसान था।  जब उसकी समस्या का कोई समाधान नहीं निकला तो उसने अपनी कंपनी में बात करके बाहर भेजने की बात की और कंपनी ने उसको बाहर भेज दिया।  फिर वह न भाई की शादी में आया और न ही बहन की शादी में। वह आज भी बाहर ही है। उन्होंने किसी को नहीं बताया कि वह कहाँ है ? सब यहाँ से वहीँ शिफ्ट हो गए।

बुधवार, 9 फ़रवरी 2022

झांसे का मनोविज्ञान !

 झाँसे का मनोविज्ञान !

 

                          झाँसा आज के युग में ही नहीं बल्कि ये प्राचीन काल से चला आ रहा है और इससे जुड़ा हुआ रहता कोई एक अपराध , जो कि इसका जनक होता है। कुछ सीधे सादे लोग और कुछ धूर्त और चालाक लोग इसका फायदा उठाने की नियत का शिकार हमेशा से होते रहे हैं। जब सत्य सामने आता है तो कोई न कोई सिर पीट कर रह जाता हैं या फिर क़ानून के लम्बे पचड़े में फँस कर घुट घुट कर जीने को मजबूर होते हैं। 

विश्वास की हत्या :--

                             ये झाँसा किसी बहुत अपने द्वारा दिया जाता रहा है , तभी तो जल्दी विश्वास कर लिया जाया है और उन्हें पता नहीं होता है कि उनके विश्वास की हत्या हो रही है। जो झाँसा देने वाला होता है, उसको पूरा विश्वास होता है कि सामने वाला उसके ऊपर पूरा विश्वास  करता है और उसके पास शक करने की कोई भी गुंजाइश नहीं है। हम कुछ भी कर सकते हैं। वह झाँसा देने में पूरी तरह से सफल होगा। अपने विश्वास को वह कई तरह से प्रयोग करता है - कभी बेटे और बेटी की शादी में - किसी भी तरह की कमी युक्त लड़के या लड़की का रिश्ता करवाना और असलियत को छिपा देना , नौकरी का झाँसा देकर रकम वसूल कर लेना , शादी का झाँसा देकर लड़की का दैहिक शोषण करते रहना , प्रमोशन के लिए लड़की या लडके को झाँसे में रख कर शोषण करना या फिर रुपये ऐंठना। कुल मिला कर विश्वास की हत्या ही होती है।

लालच की प्रवृत्ति :- 

                           इस झाँसे का शिकार हमेशा लालच की प्रवृत्ति रखने वाले लोग होते हैं। बगैर मेहनत के कुछ पा लेने का लालच - कम समय में पैसे का दुगुना मिलना , सरकारी नौकरी का लालच , शादी का लालच (विशेषतौर पर बॉस या किसी पैसे वाले लडके के साथ सम्बन्ध करने का लालच) , विदेश में नौकरी का लालच , बच्चे को शहर से बाहर अच्छे काम दिलवाने के लालच में आना। अपनी कमिओं को कोई भी नहीं समझना चाहता है और बगैर किसी मेहनत के बहुत कुछ पा  लेने का लालच की प्रवृत्ति ही इसके लिए जिम्मेदार होती है। असलियत से परिचित होने पर सिर्फ सिर पीट कर रह जाते हैं और कभी भी खोई हुई चीज वापस नहीं मिलती है।

पीड़ित खुद जिम्मेदार :- 

                              झाँसे के लिए पीड़ित खुद जिम्मेदार होता है क्योंकि वह अपने स्वार्थ के लिए स्वयं समझौता करता है।  वह समझौता चाहे पैसे का हो , रिश्ते का हो।  इस जगह कोई भी जबरदस्ती नहीं होती है बल्कि लड़कियों के मामले में चाहे गरीबी हो , बड़े घर में शादी का मामला हो , प्रमोशन का मामला या फिर नौकरी का मामला हो।  आपको कोई मजबूर नहीं कर सकता है , अगर आप खुद कहीं भी समझौता न करना चाहे तो ? आपको अच्छी नौकरी चहिए होती है, तो मालिक के झाँसे में आ सकते हैं , यह बात दोनों पक्षों पर लागू होती है। जो शिकायत लेकर आते हैं , वे खुद ही स्वार्थ में लिपटे हुए होते हैं और अगर आप सही रास्ते पर चलने वाले हों तो आपको कोई झाँसे में ले नहीं सकता है।

दण्ड का प्राविधान :-                

                            अगर झाँसे देने वालों के लिए दण्ड का प्राविधान है तो फिर झाँसे के लालच में लिप्त होने वाले के लिए भी दण्ड का प्राविधान होना चाहिए।  जब तक आपको अपने स्वार्थ सिद्धि की आशा रही आप शोषित होते रहे और जब सफल होते न दिखाई दिए तो क़ानून की सहायता लेने पहुँच गए , आखिर क्यों ? जब आप अपने स्वार्थ सिद्धि होते देख रहे थे तब तो आपने क़ानून से सलाह नहीं ली थी। आप दोषारोपण के लिए जब आते हैं तो उतने ही अपराधी होते हैं जितना कि दूसरा। 

                           झाँसे का मनोविज्ञान है यही कि कोई फायदा उठा है और कोई किसी फायदे को अपनी स्वार्थसिद्धि की बैशाखी बना कर प्रयोग करता है।  लालची हमेशा झाँसे में आने वाला होता।  इस मनोविज्ञान को समझ कर दोनों ही आपराधिक श्रेणी में रखा जाना चाहिए। पहले तो इस झाँसे में आने की प्रवृत्ति को  मन में पनपने  नहीं देना चाहिए।

 

सोमवार, 7 फ़रवरी 2022

पुरुष विमर्श - 2

बेटी की जगह !

               

             परिवार उससे जुड़ा था, जिसने दोनों को मुझसे मिलवाया। सीमा भी गई थी लड़की वालों के यहाँ गोद भराई में। बहुत बड़ा समारोह नहीं किया गया था। रिश्ते की नींव ही झूठ और फरेब पर रखी गई थी। शायद लड़की कुछ मानसिक रूप से स्वस्थ भी न थी और माँ-बाप दूर के रिश्तेदार का वास्ता देकर प्रस्ताव लेकर आये। 

               लड़के के परिवार में सिर्फ माता-पिता और दो भाई थे। सम्पन्न परिवार और दोनों बेटे पत्रकारिता से जुड़े थे। जब लड़के वाले आये तो उसको भी बुलाया गया था । कोई बात नहीं सहजता से बातचीत हुई । कोई माँग नहीं। लड़की की माँ नौकरी में थीं, पिता रिटायर्ड। तीन भाइयों में सबसे छोटी और माँ की दुलारी होना भी चाहिए ।

                गोद भराई के बाद माँ अपना घर दिखाने ले गईंं । ऊपर का पोर्शन दिखा कर बोली - "ये बिल्कुल खाली है, चाहें तो रवि यहीं रहकर अपना काम करें , कौन सी नौकरी में आफिस ही जाना है। ये बात उसी समय आभास दे गई कि कल कुछ गलत भी हो सकता है ।

                शादी हुई, घर में बेटी नहीं थी सो बेटी की तरह ही रखा गया । कुछ दिन रही फिर भूत प्रेत का नाटक शुरू हो गया और माँ को सूचित किया गया । माँ आकर जम गईंं , धूप, धूनी करना शुरू कर दिया और फिर बोली कि हम ले जा रहे हैं । ठीक हो जायेगी तो ले जाइएगा। वह बेटी को लेकर चली गयी। 

               फ़ोन  संपर्क चलता रहा लेकिन न उसने आने की बात कही और न उसको बुलाने की कोशिश की गयी।  लड़का बराबर कुछ अंतराल में जाता रहा।  उस पर दबाव डाला  जा रहा था कि वह वहीँ जाकर रहे ताकि माँ बाप की देख रेख में  बेटी बनी रहेगी।  उसके पीछे भी कुछ कारण रहे होंगे लेकिन लड़के ने जाने से इंकार कर दिया। 

              कुछ हफ़्ते बाद कोर्ट से नोटिस आ गया दहेज़ उत्पीड़न का , जब तक ये लोग कानूनी सलाह ले पाते।  वह पुलिस के साथ आ धमकी और उसके सिर में चोट जैसे निशान भी थे। उसमें उसने माता पिता , पति और देवर को नामित  किया था और इतने ही लोग घर में रहते थे।  लड़के को पुलिस ने तुरंत ही गिरफ़्तार कर लिया, लेकिन सास ससुर की उनके वकील मित्र ने तुरंत ही जमानत करवा  दी और उनको जेल जाने से राहत मिल गयी। देवर ने अपनी जॉब की वजह से बाहर रहने की स्थिति दिखा दी। 

                  बहुत मुश्किल के बाद एक महीने के बाद लड़के को जमानत मिली।  

                   मामला फैमिली कोर्ट में गया और उसमें सुनवाई शुरू हो गयी।  हर उपस्थिति में वह नया ही बयान  देती जैसे कि वह किसी के सिखाये हुए बोल रही हो।  वह अपने साथ किसी परिवार के सदस्य के बजाय भाई के किसी मित्र के साथ आती थी।  एक दिन उसने लिख कर दिया कि उसने गलत आरोप लगाए हैं और वह परिवार के साथ रहना चाहती है।  परिवार ने विश्वास नहीं किया और उसको फिलहाल अपने स्थानीय भाई के यहाँ रहने को कहा।  कोर्ट ने कहा कि लड़का वह जाकर उसका ध्यान रखेगा।  तभी पता चला कि वह गर्भवती है और यह उसे लड़के की पहली गलती थी।  जिस पर विश्वास न किया जा सके उसको कैसे ?

                   इस बात के जानने के बाद वह भाई के घर से अपने घर चली गयी।  उसको खर्च भेजने का दायित्व परिवार निभा रहा था क्योंकि वह गर्भवती थी और सुरक्षित प्रसव के लिए घर पर ही रहने दिया गया।  एक रात फ़ोन आया कि बेटा हुआ था और तुरंत ख़त्म हो गया। पहले से या फिर उसके आने का कोई भी इन्तजार नहीं किया गया और उसको दफना दिया गया।  जब तक वह पहुंचा सब ख़त्म हो चुका था। 

\                 रिकवरी के लिए वही छोड़ दिया गया और फिर एक महीने बाद भरण पोषण का मुकदमा लगा दिया गया  और एक नया मुक़दमा चलने लगा।  पूरे दस साल वह चलता रहा।  तारीख पर तारीख पड़ती रहीं। रवि मानसिक  तौर पूरी तरह से टूट चुका था , न काम करने का मन करता और न वह करता था।  आखिर दस साल बाद उसका वकील आपसी सहमति के बाद तलाक़ का प्रस्ताव लेकर आया। लेकिन इस पक्ष के वकील को बिलकुल भी विश्वास नहीं था क्योंकि वह  कई रूप देख चुका था।  आखिर दोनों वकीलों ने एक सहमति बनाई और दस लाख रुपये लेकर उसने तलाक़ देने का प्रस्ताव रखा।  

                रवि पूरी तरह से वकील और माँ बाप पर निर्भर हो गया। कुछ लतें भी लग गयीं। ये दस साल किसी की जिंदगी को तहस नहस करने के लिए बहुत थे।  वह कई नशों का आदी हो चुका था। जिन्हें वह आज तक नहीं छोड़ पाया। एक अच्छे खासे लड़ के का जीवन पूरी तरह से तबाह हो चुका है। 

                         


गुरुवार, 3 फ़रवरी 2022

पुरुष विमर्श - 1

 पुरुष विमर्श - 1


    अभिशाप !


                ऋषि ने अपने पिता से प्रस्ताव रखा था , अपनी पसंद की शादी का । मध्यम वर्गीय पिता ने एक बार समझाया था कि कहाँ वो एक राजपत्रित अधिकारी की बेटी और कहाँ हम ? 

        लेकिन कुछ भाग्य होता है और कुछ भवितव्यता । बेटे की इच्छा के आगे वह भी झुक गये । हमारा क्या ? आज हैं कल तो उसे जीवन बिताना है, पसंद की है तो सुखपूर्वक जीवन चलेगा । माँ ने भी समझाया ।

        सब कुछ विधिवत हुआ । लड़की विदा होकर घर आ गई । पिता ने लड़के को उसकी हैसियत समझा दी । एक नौकर भी साथ भेजा , जो उसका पूरा ध्यान रखेगा। बेटी को लाड़ प्यार से पाला है तो कोई कष्ट न हो ।

         बेटी की खुशी सभी चाहते हैं लेकिन नौकर भेजना ऋषि को अपना अपमान लगा। कंचन उसके साथ पढ़ी थी , जॉब उसने नहीं की थी क्योंकि जितना वेतन मिलता उससे ज्यादा उसका जेबखर्च था।

      ये सब बातें तो ऋषि को बाद में समझ आईं। अपनी पसंद के द्वारा माँ बाप का अपमान न हो , वह कंचन को लेकर अपनी जॉब पर चला गया। 

      अभी एक महीना भी नहीं बीता था कि ऋषि ऑफिस से आया तो उसकी आँखें फटी की फटीं रह गईं। कंचन शॉर्ट पहने ड्रिंक कर रही थी , ऋषि तो शुद्ध शाकाहारी ब्राह्मण परिवार का बेटा था।

       उसने जो प्रक्रिया दिखाई, ऋषि अवाक् । कंचन ने सीधे गालियाँ शुरू कर दीं - वह गालियाँ जो सभ्य परिवार की महिलाएं क्या पुरुष भी नहीं देते। 

    कुछ संवाद तो लिखे ही जा सकते है - 'साले भिखमंगे मेरे बाप की दौलत पर निगाह रखते हो , वह सब कुछ मेरा है । यह सब कुछ कभी देखा था अपने बाप के घर में।'

          उसको शराब उसका नौकर लाकर देता और वह बैठ कर पीती। कुछ दिन घुट घुट कर जिया । मार भी खाई और उसकी हरकतों की वीडियो भी बनाया लेकिन उसकी औकात उसके परिवार से टक्कर लेने की नहीं थी।

          एक दिन ऑफिस से लौटा तो घर में ताला बंद था , वह अपने बाप के पास उड़ गई थी, अपने नौकर सहित। घर पूरा तहस नहस कर गई थी। ऋषि ने फोन किया तो ससुर ने उठाया और बोले - 'अब वह तुम्हारी पत्नी है, उसको कैसे रख सकते हो , तुम जानो।'

        वह बेचारा क्या जाने ?

    पिता के घर साजिश रची और दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा कर दिया । अपने प्रभाव का प्रयोग करके नौकरी से भी निकलवा दिया और ऋषि वापस घर आ गया। पिता मुकदमे की पैरवी के लिए बार बार भागने लगे । हृदय रोग और उच्च रक्तचाप के मरीज पिता बार बार भागते सो शारीरिक और मानसिक रूप से टूट रहे थे , लेकिन बेटे को तनाव और अवसाद से बचाने के लिए खुद ही भाग रहे थे और अपने को मजबूत भी दिखा रहे थे।

           आखिर में वकील को सौंप कर घर में बैठ गये। वह तलाक देने को तैयार न थी और ऋषि साथ रख पाने में असमर्थ था।

        परिवार का हर सदस्य मानसिक तनाव में था । एक दिन माँ को ब्रेन हैमरेज हो गया । एक महीने तक जीवन और मृत्यु के बीच झूलते हुए वे विदा हो गईं। पिता की आधी शक्ति जाती रही। । बिल्कुल टूट गये और बच्चे भी।

        किसी तरह ऋषि को नौकरी मिल गई और वो पिता सहित गृहनगर छोड़कर नौकरी वाले शहर में जाकर बस गया । संब कुछ बिखर चुका था । पिता की लेखनी सूख गई, जिंदगी इतने टुकड़ों में बिखर चुकी थी कि भावनाओं के टुकड़े इधर उधर बिखर गए।

            ऋषि एक मुखौटा ओढ़े पिता को सांत्वना देता एक लड़ाई लड़ रहा है , एक अंतहीन लड़ाई ।

रविवार, 2 जनवरी 2022

अनियोजित नववर्ष !

                                               

                                               जब से होश सँभाला तब से हर वर्ष , वर्ष के पहले दिन का एक नियोजन बना कर रखती  थी।  मेरा विश्वास है कि जैसा वर्ष का पहला दिन गुजरेगा और जो  करेंगे उसकी पुनरावृत्ति पूरे साल बार बार होती रहती है।  मेरे विचार से हर बार ही होता था। अब जब जीवन के ६६ + होने पर अब सब कुछ वैसा ही करूंगी जैसा कि हो रहा है।  अनियोजित सा सामने आता जाएगा तो करती जाउंगी।  उठूंगी अपने मन से और काम करूंगी अपने मन से। 

                    बहुत चल लिए दूसरों और वक्त की रिद्म पर और मैं चलूंगी अपनी ही रिद्म पर। उठे तो मन से धीरे धीरे काम शुरू किया। सोचा मैं आज के दिन किसी को विश नहीं करूंगी , नेटवर्क नहीं मिलता है और देखती हूँ कि जिन्हें मैं हर बार करती रही , मुझे कौन कर रहा है ?  मन में कोई रोष लेकर नहीं बल्कि अपने मन की करने की सोच कर।  दिन अच्छा शुरू हुआ नाश्ता भी रोज से हट कर बनाया। धूप भी कई दिन बाद निकली तो उसका भी फायदा उठाना भी था। लंच भी रोज की तरह से दाल रोटी नहीं बनाई।  पालक की कचौड़ी और मिक्स वेज बनायीं और खाकर रजाई में घुस गए तीन बजे। 

                      अभी सोये भी नहीं थे कि जिनके जिगरी दोस्त रवि भाई साहब



का फोन आया कि शाम को रोटी साथ ही खाते हैं और बात ख़त्म।  मैं सोचूँ ये क्या बात हुई ? मेरे लिए न पूछा और न कहा।  मैंने इनसे पूछा कि सुमन भाभी नहीं है तो ये बोले मैंने तो ये पूछा ही नहीं। '

                       रवि भाई साहब ने सुमन भाभी को बताया कि  आदित्य हमारे साथ रात में डिनर लेंगे।  वो बोली कि भाभी नहीं है , उन्होंने भी कह दिया कि मैंने पूछा नहीं।  उन्होंने मुझे फ़ोन करके पूछा कि आप कहाँ है ? मैंने कहा कि मैं तो घर पर ही हूँ।  तब उन्होंने कहानी बताई और कहा कि हम भी साथ ही डिनर ले रहे हैं।


                      यह भी अनियोजित सा डिनर हुआ कि पहले सोचा ही नहीं था और दोनों ही दो ही लोग हैं। 

                       रात में जब पहुंची तो भाभी बोली कि  हम तो गले मिलेंगे एक मुद्दत गुजर गयी गले मिले हुए।  ये बोले सोच लीजिए - 'कोरोना फिर से पैर पसार रहा है। ' 

                         हम लोगों ने कहा - ' ऐसे की तैसी कोरोना की , हम तो गले ही मिलेंगे।' एक मुद्दत बाद हम गले मिले शायद दो साल बाद। 

                        खाते पीते जब दस बज गए तो रात्रि कर्फ्यू का ध्यान आया और हम वहां से सवा दस बजे चल दिए और ११ बजे घर। 

                                     इति वर्ष के प्रथम दिवस की कथा.