www.hamarivani.com

मंगलवार, 14 मई 2019

विश्व परिवार दिवस !

परिवार के स्वरूप :                   
                  
          परिवार संस्था आदिकाल से चली आ रही है और उसके अतीत को देखें तो दो और चार पीढ़ियों का एक साथ रहना कोई बड़ी बात नहीं थी। पारिवारिक व्यवसाय या फिर खेती बाड़ी के सहारे पूरा परिवार सहयोगात्मक तरीके से चलता रहता था। उनमें प्रेम भी था और एकता की भावना भी। धीरे धीरे पीढ़ियों की बात कम होने लगी और फिर दो - तीन पीढ़ियों का ही साथ रहना शुरू हो गया। जब परिवार के बच्चों ने घर से निकल कर शहर में आकर शिक्षा लेना शुरू किया तो फिर उनकी सोच में भी परिवर्तन हुआ और वे अपने ढंग से जीने की इच्छा प्रकट करने लगे। वे वापस गाँव जाना या और रहना या खेती करना पसंद नहीं करते , परिणाम कि घर वालों के बीच में दूरियां आनी शुरू हो गयीं और परिवार के विखंडन की प्रक्रिया यही से शुरू हो गयी।  आरम्भ में ये सब बहुत अच्छा लगा नयी पीढ़ी को लेकिन बाद में या कहें आज जब एकल परिवार के परिणाम सामने आने लगे हैं।

टूटते परिवार :
                 

     आज छोटे परिवार और सुखी परिवार की परिकल्पना ने संयुक्त परिवार की संकल्पना को तोड़ दिया है। समय के साथ के बढती महत्वाकांक्षाएं, सामाजिक स्तर , शैक्षिक मापदंड और एक सुरक्षित भविष्य की कामना ने परिवार को मात्र तीन या चार तक सीमित कर दिया है। वह भी आज कल भय के साये में जी रहा है।  बच्चों को लेकर माता पिता निश्चिन्त नहीं हैं। आज अधिकांश दंपत्ति दोनों ही लोग नौकरी करते हैं और इस जगह पर  बच्चे या तो आया के साथ रहते या  फिर किसी 'डे केअर सेंटर' में.छोटे बच्चे इसी लिए माता-पिता के प्रति उतने संवेदनशील नहीं रह जाते हैं।  वे नौकर और आया के द्वारा शोषण के शिकार भी किये जाते हैं और कभी कभी तो माता पिता की स्थिति के अनुसार अपहरण तक की साजिशें तक रच दी जाती हैं।  

 एकाकी परिवार में भय :

                इस एकाकी परिवार ने समाज को क्या दिया है? परिवार संस्था का अस्तित्व भी अब डगमगाने लगा है। पहले पति-पत्नी के विवाद घर से बाहर कम ही जाते थे, उन्हें बड़े लोग घर में ही सुलझा देते थे  और बच्चे उनकी अब विवाद सीधे कोर्ट में जाते हैं और विघटन की ओर बढ़ जाते हैं या फिर किसी एक को मानसिक रोग का शिकार बना देते हैं। बच्चे भी स्वयं को असुरक्षा की भावना में घिरे जी रहे हैं। एक तो बच्चों को परिवार का सम्पूर्ण संरक्षण मिल पता है और साथ ही वह पढाई के लिए बराबर माता-पिता के द्वारा दबाव बनाया जाता है क्योंकि वे अच्छे स्कूल में भारी भरकम फीस भर कर पढ़ाते हैं और उनसे पैसे के भार के अनुसार अपेक्षाएँ भी रखते हैं। 

विखंडित परिवार का परिणाम :

                   एक दिन एक लड़की अपनी माँ के साथ आई थी और माँ का कहना था कि ये शादी के लिए तैयार नहीं हो रही है। उस लड़की का जो उत्तर उसने मेरे सामने दिया वह था - 'माँ अगर शादी आपकी तरह से जिन्दगी जीने का नाम है तो मैं नहीं चाहती कि मेरे बाद मेरे बच्चे भी मेरी तरह से आप और पापा की लड़ाई के समय रात में कान में अंगुली डाल कर चुपचाप लेटे रहें। इससे बेहतर है कि मैं सुकून से अकेले जिन्दगी जी लूं। '                            
             आज लड़कों से अधिक लड़कियाँ अकेले जीवन जीने के लिए तैयार हैं क्योंकि वे अपना जीवन शांतिपूर्वक जीना चाहती हैं। आत्मनिर्भर होकर भी दूसरों की इच्छा से जीने का नाम अगर जिन्दगी है तो फिर किसी अनाथ बच्चे को सहारा देकर अपने जीवन में दूसरा ले आइये ज्यादा सुखी रहेंगे।                 
              एकाकी परिवार में रहने वाले लोग सामंजस्य करने की भावना से दूर हो जाते हैं क्योंकि परिवार में एक बच्चा अपने माता पिता के लिए सब कुछ होता है और उसकी हर मांग को पूरा करना वे अपना पूर्ण दायित्व समझते हैं । बच्चा भी सब कुछ मेरा है और किसी के साथ शेयर न करने की भावना से ग्रस्त हो जाता है। दूसरों के साथ कैसे रहा जाय? इस बात से वह वाकिफ होते ही नहीं है। जब वह किसी के साथ रहा ही नहीं है तो फिर रहना कैसे सीखेगा?                   
                         परिवार संस्था पहले तो संयुक्त से एकाकी बन गयी और अब एकाकी से इसका विघटन होने लगा तो क्या होगा? क्या सृष्टि के अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न न लगने लगेगा। ऐसा नहीं है कि घर में माँ बाप की आज की पीढ़ी को जरूरत महसूस नहीं होती है लेकिन वे उनको तभी तक साथ रखने के लिए तैयार होते हैं जब तक कि  उनके छोटे बच्चों को घर में किसी के देखभाल की जरूरत होती है या फिर नौकरी कर रहे दंपत्ति को घर में एक काम करने वाले की तरह से किसी को रखने की जरूरत होती है।  अगर अपनी सोच को विकसित करें और उसको परिष्कृत करें तो माता पिता की उपस्थिति घर में बच्चों में संस्कार और सुरक्षा की भावना पैदा करती है और उनके माता पिता के लिए एक निश्चिन्त वातावरण की बच्चा घर में सुरक्षित होगा किसी आया या नौकर के साथ उसकी आदतों को नहीं सीख रहा होगा। इसके लिए हमें अपनी सोच को 'मैं' से निकल कर 'हम' पर लाना होगा। ये बात सिर्फ आज की पीढ़ी पर ही निर्भर नहीं करती है इससे पहले वाली पीढ़ी में भी पायी जाती थी।
       'मैं कोई नौकरानी नहीं, अगर नौकरी करनी है तो बच्चे के लिए दूसरा इंतजाम करके जाओ।'

        '
कमाओगी तो अपने लिए बच्चे को हम क्यों रखें?'
 
                                                
           तब परिवार टूटे तो उचित लेकिन अगर हम अपनी स्वतंत्रता के लिए परिवार के टुकड़े कर रहे हैं तो हमारे लिए ही घातक है। इसके लिए प्रौढ़ और युवा दोनों को ही अपनी सोच को परिष्कृत करना होगा। घर में रहकर सिर्फ अपने लिए जीना भी परिवार को चला नहीं सकता है और ऐसा परिवार में रहने से अच्छा है कि इंसान अकेले रहे। वैसे आप कुछ भी करें लेकिन घर में रह रहे माँ बाप के सामने से आप छोटी छोटी चीजें अपने कमरे तक सीमित रखें और उन्हें बाहर वाले की तरह से व्यवहार करें तो उनको अपने सीमित साधनों के साथ जीने दीजिये। यही बात माता पिता पर भी लागू होती है ऐसा नहीं है कि हर जगह बच्चे ही गुनाहगार हैं। दो बच्चों में आर्थिक स्थिति के अनुसार भेदभाव करना एक आम समस्या है फिर चाहे कोई कमजोर हो या फिर सम्पन्न ऐसे वातावरण में रहने से वह अकेले नमक रोटी खाकर रहना पसंद करेगा।

          कल जब परिवार टूट रहे थे तो ऐसी सुविधाएँ नहीं थीं। आज तो ऐसे सेंटर खुल चुके हैं कि जो आप को आपकी समस्याओं के बारे में सही दिशा निर्देश देने के लिए तैयार हैं और आपको उनमें समाधान भी मिल रहा है। फिर क्यों भटक कर इस संस्था को खंडित कर रहे हैं। इसको बचाने में ही सभ्यता , संस्कृति और समाज की भलाई है।

सोमवार, 25 मार्च 2019

चरित्र सिर्फ नारी का क्यों ?

                               निर्मला को उसके घर वालों ने उसी समय  घर से निकाल दिया अगर  वह कमा कर सबको खिला न रही होती।  वह तेज बारिश के कारण पैदल नहीं आ सकती थी और उसको करीब 2  किमी. पैदल चल कर घर आना पड़ता था और उस दिन उसके एक सहकर्मी ने  उसको अपने साथ मोटर साईकिल पर बैठा कर सड़क तक छोड़ दिया था और सड़क के किनारे बनी दुकानों पर खड़े लोगों ने देख  लिया था और फिर उसके बारे में कितनी बाते बनायीं गयी कि शरीफ  महिला को पता नहीं कितने विशेषणों से विभूषित  किया गया।  चलते फिरते लोगों के कटाक्ष उसे सुनाई देने लगे और सब से बड़ी बात कि घर के लोगों ने भी उसको बहुत संगीन अपराध समझ कर उसका तिरस्कार करना शुरु कर दिया।  हाँ घर से नहीं निकल सके क्योंकि  उसके पति के बेरोजगार होने के कारण घर उसकी कमाई से ही चल रहा था। उसके साथ घर वालों का व्यवहार बदल चुका था  लेकिन बच्चों और एक घर की खातिर उसको रहना था।
                     ये बात किसी ने कभी सोची ही नहीं कि चरित्र क्या सिर्फ औरत का ही होता है और  चरित्र  जैसे शब्द का सबसे गहरा सम्बन्ध सिर्फ नारी से  क्यों  माना  जाता है ?  हर आँख उठती है उसी की ओर क्यों ? शक सबसे अधिक उसी के चरित्र पर पर किया जाता है , वह भी उससे कुछ भी पूछे बिना ही आरोप भी मढ  दिए जाते हैं।  वैसे तो  सदियों से ये परंपरा चली आ रही है कि  नारी सीता की तरह अग्निपरीक्षा देने के लिए बाध्य होती है। लेकिन अब ये अग्निपरीक्षा कौन देगा और कौन लेगा ? सीता आज भी मिल जाती है लेकिन अग्निपरीक्षा की बात कोई राम ही कह सकता है।  ये समाज जिसका खुद का कोई चरित्र नहीं, किस बूते पर एक औरत के चरित्र पर लांछन लगाता है।  बिना किसी के चरित्रहीन हुए नारी कैसे चरित्रहीन हो जायेगी और अगर इसका दोषारोपण उसके सिर है तो दूसरे पुरुष के सिर पर भी आना चाहिए।
                        चरित्र की सीमाओं में बंधी नारी सिर्फ पुरुष द्वारा ही नहीं बांधी गयी है  बल्कि नारी भी इसमें बराबरी की हिस्सेदार  है।  घर की औरतें हों या फिर समाज की उंगली उठाने में जरा सा भी संकोच नहीं कराती वह भी बगैर असलियत जाने।  जैसे कि  पूरे समाज की इज्जत का ठेका इन्हीं लोगों ने ले रखा है।  अपने गिरेबान में कोई नहीं झांकता है, दूसरों के घरों की चिंता में दुबले हुए जा रहे हैं।
                          वह अपने दम पर अपने घर को चला रही है और पति दुर्भाग्य से बेकार है तो वह लांछन लगे बिना रह ही नहीं सकती है और बेकार बैठे पति और  घर वालों को भी औरों की बात सच्ची लगने लगती है।  वह किस किस को सफाई दे और क्यों दे ? उसे अपने परिवार को पालना है और वह मेहनत कर रही है , इसका अर्थ ये तो नहीं है कि वह चरित्र की अग्निपरीक्षा दे ।
            अपने परिवार के संघर्ष में कोई साथ नहीं देता है , हाँ कितने बजे जाती है और कितने बजे लौटती है -- इसका हिसाब रखने वाले कई अपने और कई गैर होते हैं।  उसके मुंह से कोई नहीं सुनना चाहता कि आखिर सच क्या है ? उसको आने में देर क्यों हुई ? या उसने किसी सहकर्मी से लिफ्ट क्यों ली ? नौकरी से उसका नहीं बल्कि पूरे घर का जीवन पलता है तो उसको हर शर्त पर अपना काम पूरा करना होता है और अपने बॉस के दिए हुए हर काम को समय सीमा में भी पूरा करना होता है।  जब काम करने में देर हो जाती है तो फिर उसको जो भी पहचान का मिला उससे लिफ्ट लेना उसकी मजबूरी होती है क्योंकि घर का चौका भी उसका इन्तजार करता होता है।  बच्चे से लेकर बड़े तक सभी को खाने के लिए भी  देना होता है।
           नारी सशक्तिकरण का जो मंत्र आज समाज जप रहा है , लेकिन ये कौंन सी  नारियाँ होती है , वे जिनके घर के लोगों की सोच बहुत उन्नत होती है , जिन्हें समाज की परवाह नहीं होती है या  सिर्फ अपना लक्ष्य दिखाई देता है और परिवार उनके पूरा विश्वास रखता है।  और ये समाज रुपी चौकीदार उनके ऊपर  नजर रखना तो दूर की बात नजर उठा कर देख नहीं पाता है।
                          चरित्र  शब्द सिर्फ औरत के साथ ही जुड़ा है , जब कि उसके इस चरित्र को दागदार बनाने वाला खुद कभी भी चरित्र की माप नहीं देता है और न ही समाज उससे सवाल करता है।  वह अकेले कभी भी चरित्रहीन नहीं होती है।  जब कोई पुरुष अग्निपरीक्षा देने लगेगा तब उस की भी अग्निपरीक्षा हो और चरित्र शब्द दोनों के साथ बराबर जोड़ने की हिम्मत  समाज जुटा लेगा , उसी दिन वह सही अर्थों में दोनों का प्रतिनिधित्व कर पायेगा।  

सोमवार, 4 फ़रवरी 2019

सबक !

                                  जीवन की दिशा कब और कौन बदल दे नहीं कह सकते हैं और मेरे जीवन की दिशा सिर्फ दो पंक्तियों ने बदल कर रख दी है।  मेरे पापा इसके सूत्रधार बने।
                     मैं हाई स्कूल में थी और मैंने तबला एक विषय के रूप में ले लिया .  बहुत सम्पन्न हम न थे और पांच भाई बहन पढ़ने वाले थे। स्कूल में संगीत का कोई  टीचर  नहीं था।  बाकी  लड़कियों ने संगीत स्कूल में सीखना शुरू कर दिया या फिर  घर पर टीचर रख लिया। मैं ऐसा कर पाने की स्थिति में न थी।  बोर्ड के प्रेक्टिकल के समय मेरा कोई शिक्षक न था जिसके साथ संगत  करने का मेरा अभ्यास हो। मैं प्रक्टिकल देने बैठी तो  संगत कर पाने का कोई सवाल ही न था।  परीक्षक ने मुझे 17/50 अंक देकर पास कर दिया और थ्योरी में मेरे 45/50 थे। जब रिजल्ट देखा तो मैं बहुत रोई। इस समय न मैं अपने न कर पाने पर दुखी थी न अपने लिए टीचर के न होने पर। बस बुरा लगा कि  मुझे इतने कम अंक मिले और मेरी परसेंटेज ख़राब हो गयी । मेरे पापा मेरे मन की बात को समझ रहे थे लेकिन एक दिशा में वे मजबूर थे। मैंने निर्णय किया कि  मैं इण्टर में तबला नहीं लूंगी और कोई विषय होगा तो पढाई करके अच्छे अंक तो ले सकती हूँ।
                     पापा ने मुझे एक कार्ड बोर्ड पर बड़े बड़े अक्षरों में --
  करत करत अभ्यास ते जड़मति होत सुजान ,
 रस्सी आवत जात ते सिल पर होत  निशान। 

लिख कर मुझे दिया और बोले कि  तुम इंटर में भी तबला लोगी। बाकी  चीजें मैं घर पर लाकर देता हूँ . इसे अपने सामने रखो और अभ्यास करो। उन्होंने मुझे एक तबला लाकर दिया और एक किताब भी, जिसमें तालों और उसके विषय में अभ्यास के लिए सारी  सामग्री थी । मैं उनकी बात को मान कर चलने लगी। बोर्ड के एक्जाम में मैंने अपना जो डेमो ताल रखा था वह सबसे अलग था . मैंने अपने बाहर  से आये हुए परीक्षक को बता दिया कि  मेरा कोई टीचर नहीं है और मैं जो भी बजाने  जा रही हूँ  हो सकता है कि संगत  ठीक ठीक न हो सके लेकिन फिर भी आप जिसे समझे मेरे साथ संगत  के लिए बैठा सकते हैं। वह परीक्षक अंधे थे और उनका एक शिष्य साथ में आया था . उन्होंने कहा कि  आप शुरू कीजिये और अपने शिष्य से कहा कि इनके संगत करने के लिए हारमोनियम बजाइए। 
                     मेरा प्रेक्टिकल कैसा हुआ? इसको तो वही अच्छी तरह से बता सकता है , जो मेरे साथ साथ बजा रहा था और जो संगीत शिक्षक वहां थे,  जो हमारे दूसरे सहपाठियों के सिखाने वाले थे . वह सब यह मानने  को तैयार न थे कि  मैंने बिना किसी शिक्षक के ये तैयार किया है। मुझे इंटर में 45/50 प्रक्टिकल में मिले थे और कुल विशेष योग्यता के मानक से बहुत आगे। 
                       इन पंक्तियों ने प्रेरणा बनाने का काम जीवन भर किया और आज भी कर रही हैं। जब मुझे  आई आई टी कानपुर में मानविकी विभाग तो समाजशास्त्र की एक परियोजना में लिया गया था और  मुझे सिर्फ  और सिर्फ मेरे लेखन के बारे में जानने वाले संकाय के प्रोफेसरों के कारण मानविकी से कंप्यूटर साइंस में भेज दिया गया। कंप्यूटर जिसे कभी देखा न था और छूना  तो बहुत दूर की बात थी। की बोर्ड पर हाथ रखने के लिए पहले कभी टाइपिंग जैसी कोई चीज नहीं जानती थी। लेकिन वहां के प्रोफेसर  , जिनके साथ मैं काम कर रही थी , उन्होंने मुझे उसमें पड़े हुए टाइपिंग के सॉफ्टवेयर से अवगत कराया। की बोर्ड पर हाथ रखते ही जो आवाज आती तो डर जाती कि कहीं कुछ गलत तो नहीं दबा दिया।  फिर इन्हीं पंक्तियों को सामने रख कर उसके हाथ की बोर्ड पर रखने से लेकर उसके अभ्यास गेम करने शुरू  किये तो एक महीने में मेरी स्पीड बहुत अच्छी हो चुकी थी। मैंने फिर  वहां पर २४ साल काम किया और जितनी टाइपिंग स्पीड मेरी थी कोई मानने को  तैयार नहीं होता कि मैंने कभी टाइपिंग नहीं सीखी है।  
                  पापा को याद सिर्फ किसी मौके पर नहीं किया जाता लेकिन मेरे जीवन के हर मोड़ पर उनकी शिक्षाएं मेरा संबल बनी रहीं और बनी रहेंगी।

रविवार, 3 फ़रवरी 2019

विश्व कैंसर दिवस !

       
                                    कैंसर विश्व में इस समय सबसे बड़ी और गंभीर बीमारी बनी चुकी है और इसके रोगी दिन पर दिन बढ़ते चले जा रहे हैं बल्कि ये कहें कि हमारी मानसिकता इस बारे में ऐसी बन चुकी है कि  अगर किसी को इस रोग का शिकार बता दिया गया है तो सिर्फ मरीज ही नहीं बल्कि उसके परिवार वाले भी उसकी सुनिश्चित मौत के खौफ से भयभीत हो जाते हैं।  भले ही वह बाद में ठीक होकर अपना सामान्य जीवन व्यतीत करे।  कैंसर का होना आसानी से और प्राथमिक अवस्था में ज्ञात ही न inहीं हो पाटा  है क्योंकि जब वह अपने पूर्ण परिपक्व रूप में शरीर को अपने गिरफ़्त में ले लेता है तब उसके कुछ लक्षण प्रकट होते हैं।  इसके द्वारा शिकार बनाये गए लोगों के कोई विशेष लक्षण नहीं होते और न ही इसके लिए कोई उम्र का बंधन होता है।  कभी भी किसी को भी कैंसर हो सकता है।  
                        इस रोग का इलाज बहुत सस्ता भी नहीं होता है और सरकारी अस्पतालों में इसका इलाज करवाना शायद   कोई पसंद नहीं करता है।  अब तो बड़े बड़े शहरों में भी कैंसर के अस्पताल खुल चुके हैं और वहां पर भी इलाज हो रहा है।  लेकिन इसके बाद यह शरीर में नहीं फैलेगा इसकी कोई भी गारंटी नहीं ले सकता है।  यहाँ तक कि खुद कैंसर विशेषज्ञ इसा बारे में सुनिश्चित नहीं हो पाते हैं।  
                   इस रोग की जैसी भयावहता बढाती जा रही है  , वैसे ही इसके इलाज के लिए शोध हर स्तर  पर और हर देश में चल रहा है। अभी हाल ही में इस पर किये गए शोध  और उसके सफल परीक्षण ने आम आदमी के लिए एक आशा का दीप  जलाया है कि  हर गरीब और अमीर मरीज इसको कर सकेगा।      

        विश्व में कैंसर के इलाज के लिए अरबों खरबों रुपये  पानी की तरह बहा दिए गए हैं, लेकिन कोई भी दवा पूरी तरह से कैंसर को जड़ से ख़त्म करने का दबा नहीं कर सकती है । अब तक किसी भी चिकित्सा पद्यति में जो इलाज उपलब्ध है वह कैंसर को ख़त्म करने का दवा नहीं कर सकता है , सिर्फ कैंसर को बढ़ने से रोक देती हैं।

कैसे होता है कैंसर :--
                  डॉ. डैंग ने पूरी जानकारी देते हुए बताया कि हमारे शरीर में हर सेकेंड लाखों सेल्स खत्म होते हैं और नए सेल्स उनकी जगह ले लेते हैं। लेकिन कई बार नए सेल्स के अंदर खून का संचार रुक जाता है और ऐसे ही सेल्स एकसाथ इकट्ठा हो जाते हैं, जो धीरे-धीरे बढ़ता है। इसी को ट्यूमर कहा जाता है। 

             उन्होंने बताया, ट्यूमर सेल्स में आक्सिजन पूरी तरह खत्म हो जाती है, तो उसे मेडिकल भाषा में हिपोक्सिया कहते हैं। हिपोक्सिया की वजह से तेजी से उस हिस्से का पीएच लेवल गिरने लगता है और ट्यूमर के ये सेल एसिड बनाने लगते हैं। इस एसिड की वजह से पूरे शरीर में भयंकर दर्द शुरू हो जाता है। अगर इन सेल्स का तुरंत इलाज न किया जाए तो ये कैंसर सेल्स में तब्दील हो जाते हैं। डॉ. डैंग के मुताबिक, बेकिंग सोडा मिला पानी पीने से शरीर का पीएच लेवल भी मेंटेन रहता है और एसिड वाली समस्या न के बराबर होती है। डॉ. डैंग ने बताया कि कई बार कीमोथेरेपी के बावजूद भी ऐसे कैंसर सेल्स शरीर में रह जाते हैं, जो बाद में दोबारा से शरीर में कैंसर सेल्स बनाने लगते हैं। इन्हें T सेल्स कहते हैं। इन टी सेल्स को नाकाम सिर्फ बेकिंग सोडा से ही किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हमने ब्रेस्ट और कोलोन कैंसर के ट्यूमर सेल्स पर बेकिंग सोडा के प्रभाव की जांच की और हमने पाया कि बेकिंग सोडा वाला पानी पीने के बाद जिस तेजी से ट्यूमर सेल्स बढ़ रहे तो वो काफी हद तक रुक गए।
                                अमेरिका के लडविंग इंस्टीट्यूट फॉर कैंसर रिसर्च में  वैज्ञानिकों के दल ने हाल ही में कुछ नए शोध किए। इस टीम की अगुवाई मशहूर कैंसर वैज्ञानिक और जॉन हॉप्किंग यूनिवर्सिटी के ऑनकोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) डॉ. ची वान डैंग ने की। उन्होंने कहा कि हम सालों तक रिसर्च कर चुके हैं और अब तक कैंसर के जो भी इलाज मौजूद हैं वो काफी महंगे हैं। हमने जो शोध किया उसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। आपके किचन में रखा बेकिंग सोड़ा कैंसर के लिए रामबाण औषधि है।  
                      
                    डॉ. डैंग के मुताबिक, हमने बेकिंग सोडा पर लंबी रिसर्च की और जो परिणाम हमें प्राप्त हुए हैं उनके बारे में हमने सोचा भी नहीं था। उन्होंने बताया कि यदि कैंसर का मरीज बेकिंग सोडा पानी के साथ मिलाकर पी ले तो कुछ ही दिनों में इसका असर दिखने लगेगा। उन्होंने बताया कि कीमोथेरेपी और महंगी दवाओं से भी तेजी से बेकिंग सोडा ट्यूमर सेल्स को न सिर्फ बढ़ने से रोकता है, बल्कि उसे खत्म भी कर देता  है।                                                      
. डॉ वॉन डैंग ने कहा कि पहले भी ये बात आप सुन चुके होंगे कि बेकिंग सोडा कैंसर समेत कई बीमारियों का इलाज है। लेकिन अब हम प्रमाणिक तौर पर कह सकते हैं कि कैंसर का सबसे सस्ता और अच्छा इलाज बेकिंग सोडा से मिला पानी है। उन्होंने बताया कि जिन लोगों पर हमने प्रयोग किए उन्हें दो हफ्तों पर पानी में बेकिंग सोडा मिलाकर दिया और सिर्फ 2 हफ्ते में उन लोगों के ट्यूमर सेल्स लगभग खत्म हो गई !

सोमवार, 10 दिसंबर 2018

भारतीय समाज में विवाह !

                              भारतीय समाज में विवाह एक महत्वपूर्ण संस्था है बल्कि दूसरे शब्दों में कहें तो परिवार की नींव यही है । वैसे तो ये मानव जाति में विवाह का अस्तित्व पाया जाता है लेकिन जितनी विविधता हमारे समाज में पायी जाती है , उतनी कहीं और नहीं मिलेगी ।  एक ही देश में इतनी विभिन्नता और एक ही संस्था में विचारणीय और विस्मय का विषय हो सकता है लेकिन उनमें एक ही सम्बद्धता पायी जाती है और वह है परिवार संस्था में अटूट गठबंधन और सृष्टि के लिए एक सामाजिक , भावात्मक , आध्यात्मिक बंधन।  हर रीति इसी उम्मीद के साथ  पूरी की जाती है कि  विवाह चिरस्थायी और प्रेमपूर्ण जीवन का मार्ग है।
                 विवाह में कुछ रिवाज होते हैं और जो प्रदेशों के अनुसार पृथक पृथक होते हैं और उन विभिन्नताओं में एक ही उद्देश्य निहित होता है कि युगल एक प्रेमपूर्ण पारिवारिक जीवन का निर्वाह करते हुए सृष्टि में अपना सहयोग देते रहेंगे। हम कुछ अलग रिवाजों को देखेंगे :--
 महाराष्ट्रीय विवाह :- 
               मराठी संस्कृति के अनुसार विवाह में लडके वालों को बड़ा और लड़की वालों को बेचारा कभी नहीं समझा जाता है।  उसे भी वही सम्मान मिलता है जो और स्थानों पर सिर्फ वर पक्ष को मिलता है। सबसे बड़ी रस्म जो वधु को सम्मान देती है वह है कन्या के पैर वर पक्ष के दंपत्ति में से पुरुष जल डालता है और स्त्री पैर धोती है और उसको साफ कपडे से पौंछ कर रोली में पानी डाल कर कन्या के पैरों में रंग लगाती है।
                  कन्या पक्ष से भी उसके माता पिता इसी क्रिया को दोहराते हैं और वर के पैर धोये जाते हैं और उनको पौंछा जाता है और रंग लगाया जाता है।
   श्रीमंती पूजा :--               विवाह के एक रात पूर्व श्रीमंती पूजा होती है , जिसमें वर और कन्या दोनों शामिल किये जाते हैं और कन्या पक्ष वर को और वर पक्ष कन्या की पूजा करके कपडे मेवा आदि देते हैं।  विवाह यहाँ पर दिन में होता है और वर एक रेशमी धोती  और दुपट्टा धारण करता है और उसी में उसकी सप्तपदी आदि पूर्ण होती है।
 बिडीची पंगत :--                    एक विशेष रस्म होती है कि एक विशेष भोज दिया जाता है , जिसको बिडीची पंगत कहते हैं।  इसमें भोज स्थल तक पहुँचने के लिए बहुत सुन्दर फूलों का कालीन बिछाया जाता है,  जिस पर चल कर वर वधु और उसके घर वाले उस भोज के लिए जाते हैं और इसमें भोजन में छप्पन भोग की तरह सबके लिए विभिन्न व्यंजन तैयार करके परोसे जाते हैं और उसे समय वधु को कविता की कुछ पंक्तियाँ अपने पति के नाम को लेकर बोलनी होती हैं ,  तभी भोजन आरम्भ होता है।
आशीर्वाद :--                     विवाह के बाद वर बधू आशीर्वाद के लिए बैठते हैं और इसमें  सारे इष्ट मित्र और सगे सम्बन्धी शामिल होते हैं और वे आशीर्वाद के लिए वर वधु का सिर आपस में टकराते हैं और उन्हें आशीष देते हुए चले जाते हैं।  
 गृहप्रवेश :--                     वधु के विदाई के बाद गृह प्रवेश के समय वह अपने साथ माँ अन्नपूर्णा और लड्डू गोपाल की चाँदी की मूर्तियां लेकर गृह प्रवेश करती है।  इसका आशय कि घर धन धान्य से पूर्ण रहे और घर में बाल गोपाल के रूप में एक संरक्षक का आगमन भी हो।

बंगाली विवाह :
                 
 दोधी मंगल :--       विवाह के दिन, सूर्योदय होने के पूर्व, दोधी मंगल विधि निभाई जाती है। इसमें आठ से दस विवाहित स्त्रियाँ, वर वधू के साथ तालाब के पास जाती हैं और देवी गंगा को आमंत्रित करती हैं तथा कलश भर कर, जल अपने साथ ले जाती हैं, जिसे वर—वधू के स्नान हेतु, उपयोग में लाया जाता है। 
बऊ  भात :--      वधू का शंख नादों से घर में स्वागत किया जाता है। वधू, दूध से भरे कलश को पैर से गिराकर, घर में प्रवेश करती है। वधू अपने पति के घर, कुछ नहीं खाती, उसका भोजन पड़ोसी के घर से आता है। अगले दिन बऊ भात की रस्म निभाते हुए, वधू को नई थाली में खाना परोसा जाता है। शाम में सह—भोज का आयोजन किया जाता है, जिसमें वधू पांरपरिक बंगाली साड़ी तथा वर धोती धारण करता है।    

   पंजाबी विवाह :--

                               पंजाबी विवाह में एक सबसे अलग रस्म होती है वह है चूड़े की रस्म होती है।  चूड़े कन्या के ननिहाल से आता है और इसमें लाल और सफेद रंग के २१ चूड़े होते हैं, जिन्हें पहनते वक़्त कन्या की आँखें बंद कर देती है ताकि वह शादी के पहले चूड़े को न देखे।  चूड़ों को पहना कर उसको रूमाल से बाँध दिया जाता है ताकि वधु उनको न देखे।  चूड़ों को शादी से पूर्व देखना अशुभ माना जाता है।  शादी से पूर्ववधु की सहेलियां चूड़ों में कलीरे बांधती हैं और वे कलीरे उसकी सहेलियों के ऊपर हाथ हिला हिला कर गिराने का प्रयास करती है और जिसके सर पर गलीरे टूट कर गिर जाती हैं तो उसकी शादी जल्द होती है।

पूर्वांचल का विवाह :-
                                         पूर्वांचल में बिहार , झारखण्ड और उत्तर प्रदेश  का पूर्वी क्षेत्र भी आता है।  इसमें कुछ रस्में सबसे अलग होती हैं।  इसमें वर और वधु दोनों के ही स्वागत के लिए वर के गृह प्रवेश के समय दो टोकरी ली जाती है और वर के पैरों के आगे रखी जाती है और वह उन्हें मे पैर रखते हुए अंदर प्रवेश करता है।  वह भूमि पर पैर न रखे।
                 ठीक यही क्रिया वधु के घर आने पर गृह प्रवेश के वक़्त की जाती है , घर की लक्ष्मी भूमि पर पैर  रखते हुए अंदर प्रवेश नहीं कराते हैं। ये घर में वर और वधु को देने वाले सम्मान का प्रतीक होता है।
                    एक विशेष बात यहाँ पर और पायी जाती है कि यहाँ पर मांग में सिन्दूर डालने की रस्म के समय सिन्दूर नाक से पूरी मांग भरते हुए जाती है।  इस प्रकार से मांग वहां पर हर पूजा , व्रत में भरी जाती है।

राजस्थानी विवाह :
                                   विवाह  के समय वर जब बारात लेकर कन्या के घर पहुँचता है तो घोड़ी पर बैठे हुए ही घर के दरवाज़े पर बँधे हुए तोरण को तलवार से छूता है जिसे तोरण मारना कहते हैं। तोरण एक प्रकार का मांगलिक चिह्न है।  यह वर के शौर्य और वीरता का प्रतीक माना जाता है।


तमिल विवाह:--   

                       तमिल विवाह को तभी पूर्ण माना जाता है , जब कि  उनके बीच मालाओं का आदान प्रदान हो जाता है।  तमिल विवाह में वर और वधु एक नहीं तीन मालाएं पहने होते हैं और इनमें एक विशेष माला होती है, खूबसूरत फूलों की गूँथी हुई माला , जिसका वर और वधु सबसे पहले एक दूसरे को पहनते हैं और बाद में अपनी शेष मालाएं भी आपस में बदल लेते हैं।  इन वर मालाओं का आदान प्रदान ही विवाह संपन्न होने का प्रतीक है।
                            वहां पर मंगलसूत्र पहनाने का विशेष मुहूर्त होता है और सी के अनुसार बाकि रस्मों के लिए समय तय किया जाता है। मंगलसूत्र बांधने के समय वधु अपने पिता की गोद  में बैठी होती है और वर उसको मंगलसूत्र पुष्प और अक्षत की वर्षा के बीच पहनता है।

कन्नड़ विवाह :--  
                     कर्नाटक में विवाह बहुत ही सादगी से और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होते हैं और विवाह की सारी रस्में दिन में ही सम्पन्न होती है।  सिर्फ अपने लिए ही नहीं बल्कि वधु पक्ष के लिए भी बालों में फूलों के गजरे लगाने के लिए मंगाए जाते हैं।

काशी यात्रा :--    कन्नड़ विवाह में एक रस्म सबसे अच्छी और मनोरंजक होती है।  इसमें वर अपने घर वालों से क्रोधित होकर एक छड़ी , छाता और धोती पहन कर घर से काशी यात्रा के लिए निकल पड़ता है कि उसके लिए कोई वधु नहीं खोजता है और तब माँ बेटे को मन कर ले जाती है कि  वह उसके विवाह को सम्पन्न कराएगी।

 देवकार्य :--  विवाह कार्य गणपति के समक्ष सम्पन्न होता है और सब मंगलकारी हो ऐसी कामना वहां उपस्थित परिजनों के द्वारा की जाती।   विवाह कार्य के दौरान शहनाई की धुन गूंजती रहती है।  कार्य पूर्ण होने पर वर वधु दोनों एक दूसरे के सिर पर अक्षत डालते हैं , जो मंगला कामनाओं का ही प्रतीक होता है।

बुंदेलखंडी विवाह :--   
                          
मंडप गड़ाई :--             बुंदेलखंड प्रभाग में उत्तर प्रदेश का कुछ इलाका और कुछ मध्य प्रदेश का इलाका आता है और यहाँ पर कुछ विशेष रस्में  होती हैं जो अन्य राज्यों में नहीं होती हैं।  वैसे तो विवाह हंसी मजाक के बीच सभी जगह सम्पन्न होता है लेकिन यहाँ पर एक रस्म  होती है मंडप गाड़ने की।  पंडित द्वारा  बताये विशेष मुहूर्त पर ही इसको गाड़ा जाता है और इस कार्य को घर के मान्य यानि कि वर या वधु के जीजा या फूफा गाड़ते हैं।  इसके बदले उनको नेग दिया जाता है और उसके बाद हल्दी , पानी और उसमें तेल और चूना नीला कर पतला घोल बना कर उसमें दोनों हाथ को डूबा कर घर की महिलायें सब लुरुषों की पीठ पर थाप लगाती हैं और इसा समय कौन कैसे कपडे पहने है इसका कोई ध्यान नहीं रखा जाता है।
 समधी को गालियां :-- आज से दो टीन दशक पहले शादी में एक दिन बारात रुकती थी और उस दिन बारातियों को कच्चा खाना अर्थात कढ़ी , चावल रोटी आदि का भोजन बधू के घर में कराया जाता था और फिर घर की महिलायें उनके लिए व्यंग्य पूर्ण गालियां गाती थीं और बदले में समधी उनको नेग देते थे।  

                         जैसे देश में अनेकता में एकता है ठीक उसी तरह से रस्मों में भी विभिन्नता पाई जाती है फिर भी सब भारतीय संस्कृति का एक अंश हैं. 
                            

शुक्रवार, 3 अगस्त 2018

नया शिक्षा सत्र : सतर्कता एवं सुरक्षा !

                          वर्तमान समय  बच्चों , अभिभावकों , शिक्षकों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है।  वैसे तो अब शिक्षा सत्र के बदल जाने से  कुछ परिवर्तन आ ही गया है लेकिन फिर भी एक लम्बी छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल आने पर कुछ नया उत्साह रहता है। यद्यपि सत्र अप्रैल से शुरू होने लगा है लेकिन जुलाई का महीना भी प्रवेश की दृष्टि से , नए स्कूल की दृष्टि से और नए माहौल में नए बच्चों के लिए महत्वपूर्ण होता है।
                            अबोध बच्चों को एक नया ज्ञान और दिशा शिक्षक को देनी होती है और बच्चों के लिए घर की चहारदीवारी से निकल कर और माँ को छोड़ कर कहीं और, किसी और के साथ रहना और रुकना थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन समय के साथ शिक्षक माँ बन कर , दोस्त बन कर और भाई बहन की भूमिका निभा कर बच्चों को स्कूल में मन लगाने में सहायक होती है।
                            आज के सन्दर्भ में जब कि स्कूल , शिक्षा , शिक्षक , बच्चों की सुरक्षा , स्कूल वाहन , उस वाहन के चालक , स्कूक का पाठेतर कर्मचारी , स्कूल की इन सब के बारे  जिम्मेदारी को सुनिश्चित करना बहुत जरूरी हो गया है।  अभिभावक आपने नौनिहालों को घर से स्कूल की सुरक्षा में भेजते हैं तो घर से निकल कर घर पर आने तक की जिम्मेदारी सम्बद्ध लोगों की बनती है।  इसके लिए अभिभावकों , स्कूल , शिक्षक की जिम्मेदारियों को किस तरह से सुनिश्चित करना है , इसको एक विहंगम दृष्टि डाल कर देखेंगे।

1.  अभिभावक की सतर्कता :  स्कूल बच्चे को एक सुनहरे भविष्य को देने का वो रास्ता है जिसमें रहकर वह बहुत कुछ सीख कर आगे बढ़ता है , लेकिन आप को अपने बच्चे को प्रवेश देने से पहले इन बातों को ध्यान रखना होगा :--

(i )    स्कूल के पिछले सालों की साख के बारे में पता कर लें।  वहां के शिक्षक /शिक्षिकाओं की शैक्षिक पृष्ठभूमि के विषय में जानकारी लें। 
(ii ) स्कूल का अगर अपना वाहन है तो उसके चालक और परिचालक के अतिरिक्त और उसमें  जो सहायक रहता हो , उसकी पृष्ठभूमि के विषय में जानकारी लें।  उनकी आदतों के विषय में जानकारी लें कि उनमें से कोई मादक पदार्थों का सेवन करने वाला न हो। 
(iii )  स्कूल वाहन के विषय में भी जानकारी  रखें।  वह कितना पुराना है ? उसमें आवश्यकता से अधिक बच्चे तो  नहीं ले जाए जा रहे हैं। छोटे वाहन जैसे वैन , ऑटो रिक्शा , बैटरी रिक्शा या विशेष रूप से तैयार करवाए गए स्कूल रिक्शे की भी पूरी जानकारी होनी चाहिए।  पुराने वाहन कमजोर और सुरक्षा तिथि के बाद भी आवश्यकता से अधिक बच्चे भर कर चलाये जाते हैं वे खतरे से खाली नहीं होते, इनमें दुर्घटना की संभावना अधिक होती है।।  
(vi ) आप अपने बच्चे को भी पूरी तरह से सतर्क रहने के लिए कहें।  अबोध बच्चे कभी कभी वाहन चालकों या स्कूल के कर्मचारियों के द्वारा विभिन्न तरीके से शोषित किये जा सकते हैं , अतः उन्हें इस दिशा में समझा कर रखें। 
(v ) स्कूल छुट्टी में बच्चों के जाने के बारे में कितने सतर्क हैं।  वहां के सतर्कता विभाग के मोबाइल नंबर लेकर रखें।  अपने बच्चे को छुट्टी में अगर वह स्कूल वाहन से नहीं आता है तो आने के साधन और व्यक्ति के विषय में पूरा विवरण वहां जमा कर रखें ताकि कोई गलती न हो। 

स्कूल की सतर्कता :-
                               स्कूल की भी एक गहन जिम्मेदारी होती है , उन बच्चों के प्रति जो स्कूल में आते हैं।  उनकी सुरक्षा , उनका स्वास्थ्य , उनका भविष्य और उनका चरित्र निर्माण सब उनकी जिम्मेदारी है।  इसके लिए स्कूल के जिम्मेदार लोगों को तीव्र सतर्कता बरतनी चाहिए।  वे इस देश के भविष्य को एक आकार देने के प्रति जवाबदेह होते हैं।  सिर्फ निजी स्वार्थ और लाभ का साधन स्कूल नहीं होते हैं।  

(i )  बच्चों के प्रति स्कूल वैसे तो सभी  सावधानी बरत रहे हैं कि बच्चों को स्कूल की छुट्टी से पहले या बाद में किसी भी अपरिचित के साथ न भेजा जाय।  अभिभावकों के विषय में जानकारी दर्ज करके रखते हैं कि बच्चे को वाहन न होने की स्थिति में किसके साथ भेजा जाय । बस होने की स्थिति में शिक्षक या शिक्षिका इसके लिए जिम्मेदार हों और बस में अपने सामने बच्चों को बस के अंदर बिठायें। 
(ii )  जहाँ तक संभव हो हर बस में एक शिक्षिका का होना भी जरूरी हो ताकि बच्चे अगर कोई तकलीफ या भय महसूस करें तो उनसे कह सकें। शिक्षिका के होने से बस के चालक और परिचालक पर अंकुश रहता है। न वे मादक द्रव लेते हैं और न ही बस में तेज ध्वनि में संगीत चला कर बस चलाते हैं। जो कि दुर्घटना का प्रमुख कारण बन जाता है। 
(iii )  बच्चों पर अनावश्यक पुस्तकों का बोझ न बढ़ाएं।  शिक्षण पद्धति इस प्रकार की होनी चाहिए ताकि अभिभावकों को अलग से कोचिंग का अनावश्यक भार न उठाना पड़े। होमवर्क का अनावश्यक भार भी न हो , जिससे कि बच्चों के लिए खेलने कूदने का समय भी मिल सके। 
(vi ) शिक्षकों द्वारा बच्चों के आर्थिक स्तर को लेकर भेदभाव न किया जाय।  बच्चों को  भेदभाव का सामना स्कूल में किसी भी स्तर पर न करना पड़े क्योंकि यहीं से बच्चों में हीन भावना और उच्चता की भावना का विकास होने लगता है। 
(v )  विद्यालय में नैतिक शिक्षा और शारीरिक शिक्षा को भी महत्वपूर्ण स्थान देना चाहिए।  बच्चों  के विकास में शिक्षण के साथ साथ इन गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान भूमिका होती है
  छात्रों की भूमिका :- स्कूल में अभिभावक या स्कूल के अतिरिक्त छात्रों का भी कुछ दायित्व होता है।  वे छात्र जो ऊँची कक्षाओं में होते हैं , उन्हें छोटे बच्चों का सहयोग करना चाहिए  न कि रैगिंग जैसी निंदनीय व्यवहार का उन्हें शिकार बनाया जाय।  आपकी तरह से वे भी शिक्षा ग्रहण करने आये हैं तो उनका मार्गदर्शन करके उन्हें भी आगे का मार्ग दिखाना चाहिए।  स्कूल को एक परिवार की तरह मानना चाहिए जिसमें बड़े आदर्श  प्रस्तुत करते हैं। 
                      स्कूल चाहे छोटे हों या बड़े , सरकारी हों या फिर निजी उनका स्तर और सुविधाएँ देख कर ही बच्चों को प्रवेश दिलवाएं।  ये कल के भविष्य है , इन्हें समुचित विकास और ज्ञान वाली शिक्षा मिलनी चाहिए।  

साहित्य में सेंध लगाता सोशल मीडिया !

                                           सोशल मीडिया जिसने हर उम्र के लोगों को अपना दीवाना बना रखा है , वह सिर्फ लोगों को ही नहीं बल्कि साहित्य में भी सेंध लगा रहा है।  इसने मानवीय संबंधो , लेखन , साहित्य सृजन और पठन पाठन को बुरी तरह से प्रभावित का रखा है।  हमारे आपसी सम्बन्ध घर परिवार , पति पत्नी , माँ बच्चों के मध्य सीमित हो गए हैं।  किसी को किसी की चिंता  नहीं है और इसी लिए मानवीय संबंध ख़त्म होते चले जा रहे हैं।  किताबें लिखने के बजाय , पूरी कविता के बजाय चार लाइनें लिखी और वाल पर चेप दी और फिर शुरू होता है लाइक और कमेंट को गिनने का सिलसिला और कमेंट के उत्तर देने का सिलसिला।  वैसे इन कमेंट और लाइक की कोई अहमियत नहीं होती है क्योंकि ये तो लेन देन वाला व्यवहार हो  चुका है।  तू मुझे सराहे और मैं तुझे भी होता है।  लेकिन इसमें स्थायित्व फिर भी  नहीं होता है।  लिखा हुआ चाहे जितना भी महत्वपूर्ण क्यों न हो , समय के साथ पोस्ट के ढेर में नीचे चला जाता है और फिर न लिखने वाले को याद रहता है और न पढ़ने वाले को। इसके अपवाद भी है बल्कि वास्तव में जिस कलम में दम  है और तन्मयता से रचा हुआ साहित्य चाहे ब्लॉग पर हो या सोशल मीडिया पर या प्रिंट मीडिया पर सब सराहे जाते हैं।  फिर भी मैं उन गंभीर लेखों की बात करूंगी कि जितना सृजन वे कर सकते हैं ,उतना कर नहीं  पाते हैं क्योंकि इस फेसबुक और ट्विटर पर सबकी नजर रहती है।
                  वास्तव में अगर एक बार फेसबुक खोलकर बैठ गए तो गृहणी भी सारे काम पड़े रहें उसी में उलझ कर रह जाती है।  एक के बाद एक स्टेटस वो तो क्रम ख़त्म होता ही नहीं है , समय चलता रहता है और काम पड़ा रहे वैसे मैं भी इसका अपवाद नहीं हूँ। जन्मदिन चाहे मित्र का हो या फिर उनके बेटे बेटी पोते पोती किसी का भी हो शुभकामनाएं देना तो बनता है न , किसी किसी दिन तो 25 लोगों का जन्मदिन पड़  जाता है और फिर आप उन सब को सिर्फ एक लाइन में शुभकामनाएं भेजिए कुल हो गई 25 लाइने  - इतने में तो एक लघुकथा या एक कविता का सृजन हो जाता।  इस समय अपनी शक्ति का उपयोग आप किसी भी तरह से कर सकते हैं। मिली हुई शुभकामनाओं की बाकायदा गणना की जाती हैं।  मैंने देखा भी है और सुना भी है।
                       कितना समय हम सोशल मीडिया पर व्यतीत करते है और उससे कुछ ज्ञान और कुछ अच्छा पढ़ने को मिलता है लेकिन वह मात्र 5 या 10 प्रतिशत होता है।  उससे अपना लेखन तो नहीं हो जाता है।  विचार ग्रहण कीजिये और फिर अपनी कलम चलाइये।  कहीं भी डालिये अपने ब्लॉग पर , डायरी में , या सोशल मीडिया पर कम से कम लिखना तो सार्थक होगा।  लेकिन एक बात यह सत्य है कि रचनात्मकता के लिए इस सोशल मीडिया से विमुख होना ही पड़ेगा।  ये मेरी अपनी सोच है , कुछ लोग साथ साथ सब कुछ कर सकते हैं लेकिन मैं नहीं कर सकती।  मुझे याद है कि रश्मि रविजा ने जब अपनी उपन्यास "कांच के शामियाने " लिखी थी तो फेसबुक से काफी दिन बहुत दूर रही थी।  यही काम वंदना अवस्थी दुबे ने भी किया था।  कोई सृजन इतना आसान नहीं है कि इधर उधर घूमते रहें और फिर भी सृजन हो जाए।  गाहे  बगाहे झाँक  लिया वह बात और है।  मेरा अपना अनुभव भी यही  कहता है कि भले ही आपके पास सामग्री तैयार रखी हो, लेकिन उसको सम्पादित करते पुस्तकाकार लाने में पूर्ण समर्पण से काम करना पड़ेगा।  मेरे पास भी अपनी दो कविता संग्रह और एक लघुकथा संग्रह की सामग्री संचित है लेकिन उसको सम्पादित करने के लिए समय नहीं दे पा रही हूँ।  वैसे मैं भी बहुत ज्यादा समय नहीं देती हूँ लेकिन जब तक इस के व्यामोह से मुक्त नहीं होंगे कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आने वाला है।  तो कुल मिला कर ये सोशल मीडिया साहित्य सृजन और पठन पाठन में सेंध लगाने का काम कर रहा है और इसके साथ ही व्यक्ति की सामाजिकता को भी प्रभावित कर रहा है।
                             सोशल मीडिया ने साहित्य चोरी की एक नयी लत लगा दी है । किसी को किसी का कुछ भी पसन्द आया अपने नाम से छपवा लिया , पकड़ गये तो क्षमा याचना नहीं तो दादागीरी - आप कर क्या लेंगें ? कोई कॉपी राइट काम नहीं करता है । हमें स्वयं सावधान  होने की जरूरत है और सृजन की दिशा तभी खुलेगी जब इससे दूरी बना ली जाय।